महाकालेश्वर मंदिर से अतिक्रमण हटाया जाए
झांसी। गोविंद चौराहा स्थित मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मंगलवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने विधायक रवि शर्मा का मांग पत्र सौंपा। विधायक ने इस मुद्दे को दोबारा विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया और मंदिर को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराकर सुंदर बनाने की बात कही।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने विभाग अध्यक्ष रामेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में विधायक रवि शर्मा के जीवनशाह स्थित समाधान कार्यालय पर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। विधायक को मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सुधाकर मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजेश नायक, महानगर अध्यक्ष किशोर तिवारी, गोलू गुप्ता मौजूद रहे।
बता दें कि मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर शहर का प्राचीन शिव मंदिर है। हर साल महाशिवरात्रि पर्व पर हजारों श्रद्धालु बड़ा बाजार से मंदिर तक शिव बारात निकालते हैं। अन्य पर्वों पर भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती हैं। 18 अगस्त 2013 को सावन के अंतिम सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ गोरखपुर से झांसी आने वाले थे, मगर उनको कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रोक लिया गया था। उस समय योगी आदित्य नाथ सांसद थे। दरअसल, मंदिर परिसर में कई परिवारों ने अतिक्रमण कर रखा था। हालांकि, बाद में इनमें से अधिकांश परिवारों को करारी स्थित मान्यवर कांशीराम आवासीय कालोनी में आवास देकर स्थानांतरित किया जा चुका है। मगर, अभी भी कई लोगों ने अपने घर खाली नहीं किए हैं।
ये थी मांगें
---------
- मंदिर को पूर्णतया अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
- मंदिर के समूहों के लिए स्वीकृत धनराशि से जीर्णोद्धार कराएं।
- मंदिर में स्थायी पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाए।
- मढ़िया मोहल्ले में सोनू चौहान की हत्या का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- मंदिर के आसपास रहने वाले किराएदारों का सत्यापन कराएं।
- मंदिर व पास के मोहल्ले में मीट और मछली की फेरी पर रोेक लगाएं।
- पत्रकार चंद्रकांत यादव पर हुए हमले के दोषियों पर कार्रवाई की जाए।