सितंबर में तैयार हो जाएगा महिला छात्रावास
रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की छात्राओं इसी सत्र से मिलेगी सुविधा
पुरुष छात्रावास का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में एडमीशन लेने वाली छात्राओं को इसी सत्र से छात्रावास में रहने की सुविधा मिल जाएगी। महिला छात्रावास का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो सितंबर तक पूरा हो जाएगा। यहां पुरुष छात्रावास भी स्वीकृत हो चुका है, जिसका काम जल्द शुरू होगा।
2014 में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में ग्रासलैंड में ही इसकी कक्षाएं चली थी, लेकिन अब इसकी अलग बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। अब यहां पढ़ने वाले छात्रों को तमाम सुविधाएं देने की तैयारी चल रही है। इस वर्ष की शुरुआत में यहां महिला छात्रावास का काम शुरू हो गया था। चार मंजिला बनने वाले इस छात्रावास में पचास कमरों में छात्राएं रहेंगी। एक कमरे में तीन छात्राओं के रुकने की व्यवस्था होगी। उनकी सुविधा के लिए इस भवन में लिफ्ट भी लगाई जाएगी। भूतल में कैफेटेरिया बनाया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की योजना भविष्य में इसके और विस्तार की भी है।
छात्रावास का काम पूरा होने के बाद इसके पास ही पुरुष छात्रावास भी बनाया जाएगा। इसमें दो सौ छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी। इसे भी चार मंजिला बनाया जाएगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है और बजट भी पास हो गया है। जल्द ही इसका काम शुरू होने की उम्मीद है।
रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरविंद कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र-छात्राओं को अच्छी व्यवस्थाएं देना चाहता है। महिला छात्रावास में इसी सत्र से छात्राओं को कमरे मिल जाएंगे और पुरुष छात्रावास के कमरे छात्राओं के लिए अगले सत्र से आवंटित होने लगेंगे।