भाजपा आज जारी करेगी प्रत्याशियों की सूची
अन्य दलों ने भी लगभग तय कर लिए हैं नाम
दावेदार और उनके समर्थक कर रहे हैं बेसब्री से इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
भारतीय जनता पार्टी रविवार को महापौर और पार्षद पद के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। अन्य प्रमुख राजनीतिक दलों ने भी अभी तक पार्षद पद के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है।
भाजपा प्रदेश चुनाव समिति ने लखनऊ में 31 अक्तूबर से दो नवंबर तक चली बैठक में सभी प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए थे। संभावना थी कि तीन नवंबर को प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी, मगर इंतजार में शनिवार भी कट गया। सूची आने में हो रही देरी के कारण अधिकांश दावेदार शनिवार को पार्टी कार्यालय भी नहीं पहुंचे। वे घर पर ही मोबाइल पर पार्टी नेताओं और अपने आकाओं से सूची जारी होने की जानकारी लेते रहे। यहीं हाल पार्षद के दावेदारों का रहा। पार्टी सूत्रों की माने तो पांच नवंबर को सभी जगहों के प्रत्याशियों की एक साथ सूची जारी हो जाएगी।
इधर, भाजपा प्रत्याशियों की सूची का इंतजार कर रही दूसरी पार्टियों ने भी अपने पत्ते नहीं खोले। कांग्रेस, बसपा और सपा ने महापौर के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी हैं, लेकिन अभी पार्षदों की सूची पहले जारी करने से बच रही है। इन पार्टियों के नेताओं का मानना है कि जिताऊ प्रत्याशी को मैदान में उतारने के लिए अन्य दलों के नाम सामने आने के बाद आसानी हो जाएगी।
आज जारी हो सकती है सूची
प्रदेश चुनाव समिति ने सभी सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। उम्मीद थी कि शनिवार को सूची जारी हो जाएगी। पार्टी की सूत्रों की माने तो रविवार को सूची जरूर जारी हो जाएगी। महापौर और पालिका अध्यक्षों की सूची लखनऊ और पार्षदों की कानपुर- बुंदेलखंड क्षेत्र कार्यालय से जारी होगी।
प्रदीप सरावगी, महानगर अध्यक्ष भाजपा।
जिताऊ प्रत्याशी पर चल रहा मंथन
पार्टी अपने कार्यकर्ता को ही टिकट देगी। उनमें जिताऊ कौन? इसके लिए हर सीट पर मंथन चल रहा है। हालांकि, नाम तो लगभग तय हो गए हैं। बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार के लखनऊ से लौटने के बाद आखिरी चर्चा होगी। इसके बाद प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी। एक- दो दिन में सूची जारी हो जाना चाहिए।
आनंद साहू, महानगर अध्यक्ष बसपा।
पहली सूची आज कर देंगे जारी
साठ वार्डों के लिए 165 दावेदारों ने आवेदन किए हैं। दावेदारों में जिताऊ प्रत्याशी को तलाशना मुश्किल भरा हो रहा है। जिन वार्डों में विवाद की स्थिति नहीं है। उनके नामों की पहली सूची रविवार को जारी कर दी जाएगी। दूसरी सूची सोमवार को जारी होंगी।
इम्तियाज हुसैन, शहर अध्यक्ष कांग्रेस।
कुछ नामों पर बननी हैं सहमति
वैसे तो अधिकांश वार्डों में पार्षद प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों के नामों पर सहमति नहीं बन पाई है। रविवार को इस पर मंथन होगा। रविवार को ही सूची जारी कर दी जाएगी।
अर्जुन सिंह यादव, महानगर महामंत्री सपा।