सिविक एमीनिटीज
---------------
देशभर के हस्तशिल्पियों का मेला 15 से
- नुमाइश ग्राउंड में 30 सितंबर तक चलेगा मेला
- पांच सौ को भेजा गया आमंत्रण
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शहर में पहली बार देश भर के हस्तशिल्पियों का मेला लगेगा। नुमाइश ग्राउंड में लगने वाला मेला 15 से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगा।
किले के मैदान में आयुर्वेद झांसी महोत्सव का आयोजन होता था, जिसमें बड़ी संख्या में हस्तशिल्प प्रेमियों का जमावड़ा होता था। इसी को लेकर शहर में शिल्प ग्राम की स्थापना हुई, लेकिन पिछले तीन साल से झांसी महोत्सव बंद हो जाने के कारण यहां के मेला प्रेमी मायूस हैं। इस कमी की भरपाई के लिए पहली बार देश भर के हस्तशिल्प कलाकार अपनी कला का हुनर दिखाने के लिए उद्योग विभाग द्वारा लगाए जाने वाले अखिल भारतीय हस्तशिल्प महोत्सव में हिस्सा लेने आएंगे। 15 सितंबर से मेला शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगा। इसके लिए प्रदेश भर के जिलाधिकारियों और 18 मंडलों के मंडलायुक्तों को आमंत्रण भेज दिया गया है। मेले में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मुशायरा, वृंदावन और लखनऊ के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक आयोजन, राकेश श्रीवास्तव का जादू, बुंदेलखंडी लोकरंग और स्कूलों के बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। देश भर में मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, दिल्ली, चेन्नई व गुवाहाटी जोन के विकास आयुक्तों को शिल्प मेला में शामिल होने के लिए चिट्ठी भेज दी गई है। यह मेला पहली बार लग रहा है, जिसमें तमिलनाडु, असम, नागालैंड, मणिपुर समेत लगभग सभी प्रदेशों के हस्तशिल्पी आएंगे। पांच सौ हस्तशिल्पियों को आमंत्रण दिया गया है, जिसमें से तीन सौ के आने की उम्मीद है।
इनसेट
-------
नुमाइश ग्राउंड में हो रही लेबलिंग
शिल्प मेला के लिए नुमाइश ग्राउंड तैयार होने लगा है। ग्राउंड की लेबलिंग करने के लिए जेसीबी को काम पर लगाया गया है।
कोट ---
------
पहली बार लग रहा ऐसा मेला
हस्तशिल्पियों का इतना बड़ा मेला पहली बार लग रहा है। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में नामचीन कवियों को आमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम में मालिनी अवस्थी, आलोक श्रीवास्तव, बसीम बरेलवी और राहत इंदौरी के आने की संभावना है।
- सुधीर कुमार श्रीवास्तव
उपायुक्त, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र