खेतों में खिलेगी उड़द की फसल
85 हजार हेक्टेयर में बुआई कराने का लक्ष्य
दो लाख हेक्टेयर में होगी धान, तिल, मूंगफली, सोयाबीन, मक्का, सोयाबीन, मूंग, अरहर, ज्वार, बाजरा की बुआई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
खरीफ के सीजन में जिले के 85.543 हेक्टेयर खेतों में उड़द की बुआई करने का लक्ष्य कृषि विभाग ने तय किया है। पानी बरसने के बाद से बुआई शुरू हो गई है। दो लाख नौ हेक्टेयर क्षेत्रफल में होने वाली बुआई में 76 हजार हेक्टेयर में धान, तिल, मूंगफली, सोयाबीन, मक्का, सोयाबीन, मूंग, अरहर, ज्वार, बाजरा की बुआई होगी।
खरीफ की फसलों धान 10,419 हेक्टेयर में बोयी जाएगी। मक्का 1,686 हेक्टेयर, ज्वार 3,259 हेक्टेयर और बाजरा सिर्फ 13 हेक्टेयर में बोया जाएगा। अन्य फसलों के लिए 21 हेक्टेयर बुआई का लक्ष्य रखा गया है। 15,398 हेक्टेयर में खाद्यान्न की बुआई होगी। दलहनी फसलों में उड़द सर्वाधिक बोयी जाएगी। 85,543 हेक्टेयर में इसकी बुआई का लक्ष्य रखा गया है। मूंग 7,882 हेक्टेयर और अरहर की बुआई सबसे कम 2,092 हेक्टेयर में होगी। तिलहन की फसलों में मूंगफली 21,840 हेक्टेयर, सोयाबीन 930 हेक्टेयर और तिल 76,000 हेक्टेयर में बोया जाएगा। कुल मिलाकर 2,09,685 हेक्टेयर में खरीफ फसल की बुआई होगी।
जिला कृृषि अधिकारी डा. बीआर मौर्य ने बताया कि पानी बरसने के बाद से बुआई शुरू हो गई है और अब तक चार हजार हेक्टेयर में बुआई हो गई है। इसमें सर्वाधिक मूंगफली दो हजार हेक्टेयर, धान 1,500 हेक्टेयर और सोयाबीन तीन सौ हेक्टेयर में बोया जा चुका है। मानसून अच्छा होने की उम्मीद में इस बार शत प्रतिशत बुआई हो जाएगी।