14 बांध भर जाते इतना पानी माताटीला से छोड़ा गया
झांसी। मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और आसपास क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश की मेहरबानी सेपिछले 14 अगस्त से लगातार माताटीला बांध से आगे की तरफ छोड़ा जा रहा है। अभी तक इतना पानी छोड़ा जा चुका है कि माताटीला बांध जसी क्षमता वाले 14 और बांधों को भरा जा सकता था। बांध की कुल भराव क्षमता 641.06 मिलियन घनमीटर है। ऐसी स्थिति चार साल बाद बनी है।
विगत सात अगस्त के बाद से ही मध्यप्रदेश के भोपाल व आसपास क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। इससे बेतवा नदी में तेजी से पानी दौड़ रहा है। बेतवा नदी के पानी को रोकने वाले ललितपुर स्थित राजघाट और माताटीला बांध इस वक्त अपनी पूर्ण क्षमता के साथ भरे चल रहे हैं। जो अतिरिक्त पानी आ रहा है उसे ही आगे नदी में छोड़ा जा रहा है। बृहस्पतिवार को माताटीला बांध के 23 में से 20 गेट 12 फिट पर खोलकर 3.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। इसी तरह राजघाट बांध से 2.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
मालूम हो कि मध्य प्रदेश के भोपाल से आने वाली बेतवा नदी का पानी सबसे पहले ललितपुर क्षेत्र में स्थित राजघाट बांध में रोका जाता है। इस बांध से छूटा पानी माताटीला बांध को भरता है। माताटीला बांध से छोड़ा गया पानी सुकुवां ढुकुवां व पारीछा बांध से होता हुआ उरई, जालौन, हमीरपुर तक नहर के जरिये सिंचाई के लिए पहुंचता है। माताटीला बांध के पानी से ही झांसी महानगर व बबीना से झांसी मार्ग पर स्थित क्षेत्रों को जलापूर्ति होती है। अगर पूरे साल सिंचाई व पेयजल के लिए पर्याप्त पानी चाहिए तो राजघाट बांध का भरना जरूरी है। राजघाट बांध भरने के लिए मध्य प्रदेश में बारिश होना जरूरी है।
अभी तक माताटीला बांध से इतना पानी छोड़ा जा चुका है, जिससे 14 बांध और भरे जा सकते थे। मध्य प्रदेश से लगातार पानी आ रहा है, जिससे बांध से लगातार पानी छोड़ना पड़ रहा है।
जेके मौर्या, प्रभारी जेके, माताटीला बांध।
इन बांधों में भी खूब पानी
माताटीला बांध का जलस्तर 308.46 मीटर की तुलना में 308.15 मीटर, सुकुवां ढुकुवां बांध का 273.71 मीटर की तुलना में 272.67 मीटर, पारीछा बांध 194.65 मीटर की तुलना में 194.89 मीटर भरा हुआ है। इधर, झांसी जनपद में हुई अब तक वर्षा से धसान नदी पर बने पहाड़ी बांध का जलस्तर 195.93 मीटर की तुलना में 194.73 मीटर, लहचूरा बांध का 182.27 मीटर की तुलना में 182.27 मीटर पहुंच गया है। इन दोनों बांधों का मऊरानीपुर के निकट सपरार नदी पर बने सपरार बांध का जलस्तर 224.64 मीटर व 221.98 मीटर पर पहुंच गया है।