झांसी मंडल में 13वें वित्त आयोग के दो करोड़ रुपये डंप पडे़ हुए हैं। उक्त मद की धनराशि एक माह के अंदर विकास कार्यों में लगाने के निर्देश मंडलायुक्त ने दो जनपदों के सीडीओ को दिए हैं। साथ ही कहा है कि समीक्षा बैठक के दौरान उक्त मद से कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी ली जाएगी।
झांसी मंडल के जालौन और झांसी में 13वें वित्त आयोग की दो करोड़ धनराशि डंप पड़ी हुई है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दोनों जनपदों के सीडीओ को निर्देशित किया है कि उक्त मद की धनराशि जल्द से जल्द विकास कार्यों में खर्च कराएं। साथ ही कहा है कि इस मद से होने वाले कार्यों पर विशेष निगाह रखी जाए। जनपद के विभिन्न विकास खंडों में उक्त मद से कराए जाने वाले कार्यों की स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता की जांच भी करें। अक्सर भ्रमण के दौरान शिकायत प्राप्त होती है कि सड़क, नाली, सीसी रोड समेत अनेक विकास कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। इसके मद्देनजर सीडीओ रिपोर्ट सौंपने के पहले यह सुनिश्चित कर लें कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं की गई है।