बढ़ रहा तापमान, आ गई गर्मी
झांसी। मौसम ने करवट बदल ली है। गर्मी ने दस्तक दे दी है। तापमान लगातार उछाल मार रहा है। धूप के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह अधिकतम तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
मार्च अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। इसके साथ ही धूप के तेवर तल्ख हो चले हैं। दिन भर तीखी धूप खिली रहती है, जिसमें लोगों का पसीना छूटने लगा है। पंखे अपनी रफ्तार पर चल पड़े हैं। तापमान लगातार उछाल मार रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। इस सप्ताह में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 23 डिग्री पर पहुंच जाएगा। धूप भी तल्ख होती जाएगी। हालांकि, बीच में हल्के बादल छाने के आसार हैं, लेकिन इससे तापमान में कोई कमी नहीं आएगी।