संचारी रोगों के खिलाफ विशेष अभियान कल से
झांसी।संचारी और वेक्टर जनित रोगों पर नियंत्रण करने के लिए 10 से 28 फरवरी तक पूरे मंडल में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। इस संबंध में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया अभियान के दौरान वेक्टर नियंत्रण, साफ- सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने, शुद्ध पेयजल आपूर्ति एवं विद्यालयों में संवेदीकरण तथा जनसंवाद द्वारा जागरूकता उत्पन्न करने आदि गतिविधियों पर ज़ोर दिया जाएगा। जबकि, ग्राम स्तर पर लोगों में संचारी व वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए आशा द्वारा क्लोरीनेशन डेमो एवं हाथ धोने के कौशल करके बताया जाएगा। ग्राम प्रधान द्वारा ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी, नालियों की सफाई एवं ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठक में संचारी व वेक्टर जनित रोगों पर प्रचार-प्रसार करके जागरूक किया जाएगा। स्कूलों बच्चों की रैली निकाली जाएगी। शिक्षक प्रतिदिन एक घंटे स्कूली बच्चों को वेक्टर व संक्रामक बीमारियों पर जागरूक करेंगे। नारे लगवायेंगे और हाथ धोने के बारे में बताएंगे।
इसके लिए जिला स्तर पर दो मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशांत वर्मा, डीसीपीएम एवं विजयश्री, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी को राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया गया है। जबकि, ब्लॉक स्तर पर 40 ट्रेनर बनाये गए हैं। हर ब्लॉक से पांच लोगों को मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं। साथ ही दस विभागों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है, जो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।