फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर निगम कार्यकारिणी में पुनरीक्षित बजट पास

विज्ञापन
विज्ञापन
10 करोड़ घाटे का पुनरीक्षित बजट पास
विज्ञापन

झांसी। नगर निगम कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से 2.34 अरब रुपये का पुनरीक्षित बजट स्वीकृत कर दिया गया। बजट के आय पक्ष में 2.34 अरब रुपये के सापेक्ष व्यय पक्ष में 2.42 अरब रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। इस तरह 10 करोड़ रुपये घाटे का बजट पास हो गया। भारत सरकार की स्मार्ट सिटी योजना को नगर निगम केे बजट प्रावधानों से अलग रखा गया है, क्योंकि झांसी स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड का नगर निगम से कोई संबंध नहीं है।
सोमवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में ईंधन (डीजल/ पेट्रोल/ मोबिल ऑयल) के मूल बजट में 4.50 करोड़ रुपये का प्रावधान था, लेकिन 25 गाड़ियां बढ़ जाने के कारण अधिक ईंधन खर्च हो रहा है, इसलिए बजट का 5.25 करोड़ रुपये करने को लेकर चर्चा हुई, पर पांच करोड़ रुपये बजट स्वीकृत किया गया।
विज्ञापन

कार्यकारिणी सदस्य लखन कुशवाहा ने नाला साफ करने के रोबोट के बारे में पूछा तो बताया गया कि उसकी मरम्मत में आठ लाख रुपये लग रहे हैं। इस कारण वह बेकार खड़ा है। प्रभारी अगम कटियार रोबोट की रिपेयरिंग का सही जवाब नहीं दे सके। रैन बसेरा पर खर्च पांच लाख रुपये के सापेक्ष 75 लाख रुपये करने के सवाल पर पार्षद महेश गौतम ने सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों के पास में ही रैन बसेरा बनवाए जाएं। नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के मुताबिक ही काम करना पड़ रहा है। पूर्व में शहर में 461 बेघर थे, लेकिन दोबारा सर्वे कराया गया तो 761 बेघर चिह्नित किए गए। सभी बेघरों के रुकने की क्षमता के अनुसार ही रैन बसेरा बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षेत्रीय पार्षद की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी, जो रैन बसेरा की देखरेख करेगी।

दो अंतिम यात्रा वाहन खरीदे जाएंगे
पार्षद दिनेश सिंह ने कहा कि सदन की बैठक में अंतिम यात्रा वाहन खरीदने की सहमति बन गई थी, लेकिन अब तक नहीं खरीदे गए हैं। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि जल्द ही वाहन खरीद लिए जाएंगे। दो वाहन आ जाने से जो लोग किन्हीं कारणों से अंतिम यात्रा के लिए वाहन की सुविधा नहीं जुटा पाते हैं, उन्हें यह सुविधा मिलने लगेगी।

स्वच्छता जागरूकता समिति बदलेगी
स्वच्छ सर्वेक्षण चल रहा है। लेकिन, स्वच्छता को लेकर जागरूकता कहीं पर नजर नहीं आ रही है और पैसा बराबर खर्च हो रहा है। कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जागरूकता अभियान चलाने वाली समिति को बदला जाएगा। अब जो भी स्वयंसेवी संगठन जागरूकता का काम करेगा, वह टेंडर के माध्यम से चयनित किया जाएगा।

यह रहे मौजूद
पार्षद दिनेश प्रताप सिंह, विकास खत्री, दिनेश सिंह, महेश गौतम, अब्दुल जाबिर, जुगल किशोर, अनिल सोनी, अविनाश यादव, क्रांति छत्रपाल, रामकुमारी सिंह, लखन कुशवाहा, विद्याप्रकाश दुबे, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, अपर नगर आयुक्त (आर) रोहन सिंह, मुख्य अभियंता एलएन सिंह, अधिशासी अभियंता एके शर्मा, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश बाबू मौजूद रहे।

ठेकेदारों की विशिष्ट श्रेणी निरस्त
नगर निगम में छह ठेकेदार विशिष्ट श्रेणी में रखे गए हैं, लेकिन कार्यकारिणी सदस्यों का आरोप था कि विशिष्ट के नाम पर ठेकेदार पूल बनाकर एक से दो प्रतिशत कम दरों पर काम (टेंडर) लेते हैं और पेटी डीलर को काम देकर मोटा मुनाफा कमाते हैं। मुख्य अभियंता एलएन सिंह ने बताया कि यदि विशिष्ट श्रेणी का ठेकेदार पूल बनाकर काम कर रहा है तो उसे ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विशिष्ट श्रेणी समाप्त होगी और ‘ए’ श्रेणी के ठेकेदारों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

कार्यकारिणी के छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा
- जल्द होगी चुनाव की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों में से आधे सदस्यों का कार्यकाल आज सोमवार को पूरा हो गया। इन सदस्यों के रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही चुनाव कराया जाएगा।
कार्यकारिणी समिति एक तरह से कैबिनेट के रूप में काम करती है। चूंकि महानगर में साठ पार्षद हैं, इसलिए दस पार्षदों को कार्यकारिणी समिति में चुना जाता है। कार्यकारिणी समिति के सदस्यों का कार्यकाल दो साल का होता है, लेकिन महापौर के निर्वाचन के बाद पहली कार्यकारिणी के आधे (छह) सदस्यों का कार्यकाल एक साल होता है। इन्हीं छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया।
विज्ञापन

कार्यकाल किस सदस्य का पूरा माना जाएगा और किसका नहीं, इसके लिए लॉटरी पद्धति से चयन किया जाता है। कार्यकारिणी द्वारा पुनरीक्षित बजट पास करने के बाद लाटरी प्रक्रिया अपनाई गई और पार्षद दिनेश सिंह दीपू, रामकुमारी यादव, अब्दुल जाबिर, क्रांति छत्रपाल, दिनेश प्रताप सिंह और महेश गौतम का कार्यकाल पूरा मान लिया गया। अब जल्द ही चुनाव की घोषणा होगी और छह नए पार्षदों का चुनाव कार्यकारिणी समिति के लिए होगा। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि जल्द ही चुनाव की तिथि की घोषणा की जाएगी। हालांकि, दो फरवरी को चुनाव कराने का सुझाव दिया गया, लेकिन अभी कोई फैसला नहीं हो सका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें