दतिया की इसी बैंक शाखा में 13 में से 10 कर्मचारी पाए गए कोरोना संक्रमित
- फोटो : AMAR UJALA
दतिया में पीतांबरा पीठ के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में तैनात 13 में से 10 कर्मचारियों में सोमवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाए जाने की वजह से दतिया में हड़कंप की स्थिति मची हुई है। जिला प्रशासन ने संक्रमित बैंक कर्मचारियों के संपर्क में आए ग्राहकों व अन्य लोगों का ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दतिया जिले के अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव ने पिछले 15 दिनों के भीतर बैंक कर्मचारियों के संपर्क में आए 1300 लोगों का रिकार्ड जिला प्रशासन को सौंप दिया है। इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। संपर्क में आए लोगों में महामारी के लक्षण पाए जाने की स्थिति में उनके नमूने लिए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं हैं।