झांसी। कोरोना वारयस के तेजी से बढ़ते मरीजों की वजह से अब महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल काॅलेज के कोविड अस्पताल का एक आईसीयू पूरी तरह भर गया है। इसलिए गंभीर रोगियों को दूसरे कोविड आईसीयू में भर्ती किया गया है। हालांकि, अभी दो कोविड आईसीयू रिजर्व में हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते कहर की वजह से झांसी में लगातार संक्रमितों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। इसके अलावा मंडल के जालौन जिले में भी कोरोना के मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। जालौन के भी गंभीर रोगियों को झांसी मेडिकल काॅलेज में भर्ती किया जा रहा है। इस कारण मेडिकल काॅलेज की सुपर स्पेषियलिटी ब्लाॅक में बने कोविड अस्पताल का पहला कोविड आईसीयू भर गया है। यहां पर सभी 10 बेडों पर मरीज भर्ती हैं। ऐसे में दूसरा कोविड आईसीयू खोलकर मरीजों को भर्ती किया गया है। मेडिकल काॅलेज में मौजूदा समय में चार कोविड आईसीयू बनाए गए हैं। सभी आईसीयू में 10-10 बेड हैं। सभी बेडों से वेंटिलेटर जुड़े हुए हैं। सांस लेने में समस्या होने वाले गंभीर मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया जाता है।