झांसी। मुख्य सचिव आलोक रंजन 13 फरवरी को मंडल में आएंगे। वह ललितपुर में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे तथा झांसी में हुए विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
पूर्व में उन्हें पांच फरवरी को आना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया था। शनिवार को उनका नया कार्यक्रम आया है।
मुख्य सचिव आलोक रंजन 13 फरवरी को सुबह दस बजे विशेष विमान से ललितपुर आएंगे और वहां चिह्नित ग्रामों का निरीक्षण कर आम लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। 11 बजे वह ललितपुर मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। 11.15 बजे ललितपुर में जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। दोपहर 12 बजे वह ललितपुर से झांसी के लिए प्रस्थान करेंगे।
12.30 बजे वह झांसी पहुंचेंगे तथा एक बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ सर्किट हाउस में वार्ता करेंगे।
लंच के बाद वह दोपहर दो से शाम चार बजे तक मंडल के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
समीक्षा बैठक के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्य सचिव के साथ या उनसे एक दिन पूर्व प्रमुख सचिव पंचायतीराज विभाग चंचल कुमार तिवारी, बेसिक शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल व विकलांग जन विकास विभाग के सचिव अनिल कुमार सागर का जनपद आगमन होगा, जो बबीना व बड़ागांव ब्लाक में एक-एक लोहिया ग्रामों का निरीक्षण करेंगे।
मंडलीय समीक्षा बैठक 10 को
मंडलायुक्त के. राममोहन राव की अध्यक्षता में 13 फरवरी को होने वाली मंडलीय समीक्षा बैठक अब दस फरवरी को होगी। मंडलायुक्त कार्यालय के विशेष कार्य अधिकारी जेबी परमार्थी ने बताया कि मुख्य सचिव के कार्यक्रम को देखते हुए तिथि में बदलाव किया गया है।