121 सीटों के लिए कराया जाएगा उपचुनाव
झांसी। हाल में सम्पन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद भी कुल 121 सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों के लिए छह माह के भीतर उपचुनाव कराने होंगे। इनमें से तीन सीटें ग्राम प्रधानों की हैं। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की मृत्यु से यह सीटें खाली हुई हैं। इसी तरह दो सीटें बीडीसी सदस्यों की भी खाली हुई हैं।
जनपद में कुल 6170 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव कराए गए थे लेकिन, इनमें 116 पदों पर किसी उम्मीदवार ने पर्चे ही दाखिल नहीं किए। इस वजह से यह सारी सीटें खाली रह गईं। इन सीटों के खाली होने से सबसे बड़ा संकट इनसे संबंधित पंचायतों के गठन न होने से फंस गया। पंचायती राज अधिनियम के मुताबिक सिर्फ उन्हीं ग्राम पंचायतों का गठन किया जा सकता है जहां ग्राम प्रधान समेत कम से कम दो तिहाई सदस्यों का निर्वाचन पूरा हुआ हो। कोराम पूरा न होने से इन ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो पाया। कुल 496 ग्राम पंचायतों में सिर्फ 380 ग्राम पंचायतों का ही कोराम पूरा हो सका है। इन्हीं ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई जा सकी। शेष 116 ग्राम प्रधान सिर्फ कोरम पूरा न हो पाने से शपथ लेने से वंचित रह गए।
इसी तरह चुनाव के बाद मोंठ ब्लॉक के इमलिया, बड़ागांव ब्लॉक के कुलवां एवं बंगरा ब्लॉक के देवरीसिंह पुरा के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान आकस्मिक मुत्यु से यह पद भी रिक्त हो गए। दो बीडीसी सदस्यों की सीट भी रिक्त पड़ी हुई है। अब इन सभी सीटों में फिर से उपचुनाव कराएं जाएंगे। इन सीटों में उपचुनाव के लिए फिर से नए सिरे से चुनावी प्रक्रिया शुरू करनी होगी। चुनाव आयोग की ओर से इन रिक्त सीटों की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही कि इसके लिए सितंबर तक अधिसूचना जारी की जा सकती है।