मतगणना की निगरानी करेंगे प्रत्याशियों के एजेंट
झांसी। लोकसभा चुनाव की मतगणना की निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा में प्रत्याशी पंद्रह एजेंट तैनात कर सकेंगे। मतगणना एजेंटों की निगरानी को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को सुबह आठ बजे से भोजला मंडी में होगी। यहां झांसी नगर, बबीना, मऊरानीपुर और गरौठा विधानसभा के वोटों की गिनती अलग-अलग विधानसभावार की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के वोटों की गिनती के लिए चौदह टेबल लगाई जाएंगी। टेबलों के इर्दगिर्द एजेंटों के बैठने की व्यवस्था होगी। वे वहां बैठकर मतगणना की निगरानी कर सकेंगे। इस प्रकार चौदह एजेंट मतगणना की निगरानी के लिए रहेंगे। जबकि, प्रत्येक विधानसभा में एक - एक एजेंट सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के मेज के पास रहेगा। अठारह वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को ही एजेंट बनाया जाएगा। उन्हें आयोग की ओर से कार्ड जारी किए जाएंगे।
ये नहीं बन सकेंगे एजेंट
केंद्र या राज्य सरकार का वर्तमान मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, नगर निगम/ नगर पालिका /नगर पंचायत का अध्यक्ष, जिला पंचायत या ब्लाक स्तरीय पंचायत समिति का अध्यक्ष, राष्ट्रीय /राज्य /जिला सहकारी संस्थाओं के अध्यक्ष, केंद्रीय व राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष, लोक अभियोजक /अपर लोक अभियोजक तथा सरकारी सेवक मतगणना एजेंट नहीं बन सकेंगे।
अलग-अलग रंग के बनेंगे कार्ड
अलग - अलग विधानसभाओं के मतगणना एजेंटों को अलग - अलग रंग के कार्ड जारी किए जाएंगे। बबीना विधानसभा एजेंटों को सफेद, झांसी के पीले, मऊरानीपुर के हरे और गरौठा विधानसभा के एजेंटों को आसमानी रंग के कार्ड जारी किए जाएंगे। एजेंट अपने निर्धारित स्थान के अलावा मतगणना स्थल पर यहां - वहां भ्रमण नहीं कर सकेंगे।
कंट्रोल रूम बनेगा
मतगणना स्थल भोजला में 22 मई को सुबह छह बजे से नियंत्रण कक्ष /कॉल सेंटर सक्रिय हो जाएगा, जिसका प्रभारी उद्यान विभाग के नोडल अधिकारी भैरम सिंह (मोबाइल नंबर - 9452598881) को बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष का नंबर 0510-2980796 रहेगा। इसके अलावा अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।