सनकी युवक ने गांव में फ ायरिंग कर फैलाई दहशत
रानीपुर/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लुहरगांव के एक युवक ने सरकारी रायफल से कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी वह उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कन्नौज में तैनात था व चुनाव ड्यूटी छोड़कर घर आया था। लगातार छह घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है, फिलहाल फायरिंग करने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
जानकारी के अनुसार कन्नौज में तैनात रानीपुर लुहरगांव निवासी सिपाही रामकृपाल उर्फ राका यादव शनिवार की रात चुनाव ड्यूटी छोड़कर व सरकारी रायफल लेकर अपने घर लुहरगांव आया हुआ था। रविवार दोपहर एक बजे उसने पंचायत भवन में घुसकर उसने सरकारी रायफ ल से कई राउंड गोलियां दागी, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर मौके पर चौकी प्रभारी शिवशंकर तिवारी, सीओ हिमांशु गौरव, थाना प्रभारी देवेंद्र द्विवेदी एवं दर्जनों पुलिस बल पहुंचा लेकिन उसने फायरिंग बंद नहीं की। पुलिस की बाकी टीम नहर की पुलिया के पास खड़ी होकर गतिविधि पर नजर रखे थी। मामला किसी तरह नियंत्रण में आए युवक के पिता को उससे बातचीत के लिये भेजा लेकिन मामला शून्य रहा।
आरोपी युवक पुलिस द्वारा घेराबंदी की खबर पाकर फ ायर करता हुआ पंचायत भवन से बाहर निकला तो पुलिस में भगदड़ मच गई। पुलिस वाले मऊरानीपुर की तरफ भागे बजरंग वली मंदिर तक सीओ, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस बल को दो किमी छकाता गया। लुहरगांव मऊ रोड स्थित बजरंग वली मंदिर से जब सनकी वापिस लौट रहा था। जब वह लगभग 5.30 बजे नहर की पुलिया के पास पहुंचा उसी समय एक कार में सादा ड्रेस में सवार होकर आए पुलिस कर्मियों ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उसकी रायफ ल हाथ से छूट गई तथा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जब इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हिमांशु गौरव से बता की गयी तो उन्होंने बताया कि उक्त पुलिस कर्मी जो कन्नौज में तैनात है। अपने घर लुहरगांव आया हुआ था, जिसने सरकारी असलहे से हवाई फायरिंग की। फायरिंग क्यों की इसकी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद जो भी कानूनी कार्यवाही होगी अमल में लाई जाएगी।