कोई भी कर सकता है चुनाव संबंधी शिकायत
झांसी। भारत निर्वाचन आयोग की सामान्य प्रेक्षक डा. रेनु फुलिया ने कहा कि पेड न्यूज के प्रकाशन और प्रसारण पर सतत निगाह रखी जाए। इसके उल्लंघन की तत्काल जानकारी दी जाए। यह निर्देश उन्होंने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एमसीएमसी कक्ष के निरीक्षण के दौरान दिए।
इस दौरान सामान्य प्रेक्षक ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर 8931079441 है और कैंप कार्यालय बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में सूट नंबर दो में स्थित है। राजनीतिक दल और जन सामान्य के लोग निर्वाचन संबंधी कोई भी शिकायत उनके कार्यालय में सुबह नौ से दस बजे के बीच या फोन पर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाना है। इसमें किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नगेंद्र शर्मा, एआईजी स्टांप एके पासवान, प्रचार-प्रसार सहायक अतुल दीक्षित, डीडी बचत नीरज मिश्रा आदि मौजूद रहे।
मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आज
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने बताया कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ईवीएम व वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया जाना है। विकास भवन सभागार में 11 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक तक बबीना और मऊरानीपुर क्षेत्र के मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण होगा। जबकि, दोपहर दो से शाम पांच बजे तक झांसी और गरौठा विधानसभा क्षेत्र के मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कॉलेज का अधिग्रहण
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने टहरौली स्थित भैया राजा डिग्री कालेज को 24 अप्रैल से एक मई तक के लिए अधिग्रहीत करने का आदेश जारी किया। कॉलेज के प्राधिकारी को निर्देश जारी किए गए कि वे भवन उपकरण, फर्नीचर, विद्युत, पेयजल एवं जन सुविधाओं के उपयोग समेत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अधिकृत प्रतिनिधि को हस्तगत करें।