ट्रेन में आग की खबर के साथ
-------------------------
सिलेंडर लीक होने के बाद आग भड़कने की आशंका
- दोनाें कोच के पास ही लगा था पैंट्री कार
- आग की लपटें देखकर घबराए यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एपी एसी एक्सप्रेस में आग लगने की वजह पैंट्री कार में रखे सिलेंडर को माना जा रहा है। सिलेंडर लीक होने के बाद आग लगी और तेज हवा के साथ आग भड़ककर कोच तक पहुंच गई। फिलहाल अफसर आग लगने के कारण जांच के बाद ही स्पष्ट करने की बात कर रहे हैं।
ट्रेन नंबर 22416 एपी एसी एक्सप्रेस में 15 कोच लगे थे। इंजन के बाद बी-1 कोच से लेकर बी-6 और बी- 7 कोच के पास में ही पैंट्री कार कोच लगा हुआ था। नाश्ता बंट जाने के बाद पैंट्री कार में यात्रियों के लिए खाना बनाने की तैयारी चल रही थी, क्योंकि झांसी स्टेशन निकलने के बाद यात्रियों को खाना देना शुरू किया जाता है। ऐसे में ग्वालियर आने से पहले खाना तैयार हो रहा था। यात्रियों के अनुसार, सिलेंडर लीक होने के कारण गैस की बदबू आ रही थी, लेकिन पैंट्री कार कोच लगा होने के कारण किसी ने इतना गौर नहीं किया। इससे पहले यात्री कुछ समझ पाते, तभी अचानक बी- 7 और बी- 6 कोच के बीच में बाथरूम के पास बने बेस्टी ब्यूल के पास से अचानक तेजी के साथ धुआं उठने लगा। बाथरूम के पास कुछ यात्री खड़े थे, जो धुआं देखकर घबराकर अंदर की तरफ भागे। यात्रियों को भागता देखकर अन्य यात्री जब देखने गए और धुआं के साथ आग की लपटेें उठने लगीं। यह देखकर यात्रियों ने आग-आग चिल्लाना शुरू कर दिया। यह सुनकर कोच में भगदड़ मच गई। यात्री अपनी जान बचाते हुए बी-5 कोच की तरफ भागने लगे, तो कुछ यात्री अपना सामान लेकर भागे। एक यात्री ने साहस का परिचय देते हुए चेन खींच दी। ट्रेन रुकते ही लोग उतरकर जान बचाते हुए यहां-वहां भागे। चालक ने आग की लपटें देखकर कई बार हॉर्न बजाकर रेल कर्मचारियों को जानकार दी। खबर मिलते ही बिरलानगर व ग्वालियर स्टेशन से आग लगने की जानकारी 12.03 बजे कंट्रोल दी गई। इधर, खबर पाकर ग्वालियर के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बिरलानगर स्टेशन पर डेरा जमा लिया था। फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दोनों तरफ के कोच काटकर अलग किए गए। बी- 1, बी- 2, बी- 3, बी- 4, बी- 5 कोच को 12.40 बजे ग्वालियर लाया गया गया। बी-6 व बी- 7 कोच को काटकर अलग किया गया। वहीं, ए-1, ए-2, ए-3, ए-4, ए- 5 और एच- 1 कोच को 14.53 बजे ग्वालियर लाया गया। यहां दोनों तरफ के कोच जोड़कर ट्रेन को साढ़े तीन बजे झांसी के लिए रवाना किया गया।
दोनों कोच में सवार थे 150 यात्री
बी- 6 व बी- 7 कोच में 150 यात्री सवार थे, इनमें 54 यात्री हज़रत निज़ामुद्दीन से झांसी के लिए सवार थे। मौके पर कोच काटने के बाद ग्वालियर से सभी 150 यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया। यहां ट्रेन में ग्वालियर से अतिरिक्त खाना, पानी व अन्य खाने-पीने का सामान भी यात्रियाें को मुहैया कराया गया।
इटारसी से लगेंगे दो अतिरिक्त कोच
बी-6 व बी-7 में अधिकांश यात्री विशाखापट्टनम के लिए सवार थे। ऐसे में जले कोच काट देने के बाद यात्रियों को परेशानी भी हुई। झांसी व ग्वालियर स्टेशन पर एलएचबी कोच उपलब्ध नहीं था। ऐसे में इटारसी स्टेशन पर कोच उपलब्ध होने के बाद वहीं से लगाने का निर्णय लिया गया। ग्वालियर से इटारसी तक की अतिरिक्त व्यवस्था चेकिंग स्टाफ ने की।
हेल्पलाइन नंबर जारी
झांसी
0510- 2440787
0510- 2440790
ग्वालियर
0751-2432799
0751-2432849