घटनाओं से डरे नहीं, सामना करें छात्राएं
- नारी सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ पर सीओ ने दिए टिप्स
- छात्राओं को दी सुरक्षा कानून की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सोमवार को पुलिस विभाग ने सीपी मिशन कंपाउंड स्थित एचएम मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज से नारी सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि सीओ जितेंद्र सिंह ने छात्राओं को घटनाओं का सामना डरकर नहीं साहस के साथ करने के लिए प्रोत्साहित किया है। इस दौरान छात्राओं को उनकी सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून की जानकारी दी गई।
सेमिनार में सीओ ने कहा कि कभी भी कोई घटना हो, उससे डरे नहीं, बल्कि पुलिस को तुरंत सूचना दे ताकि तत्काल कार्रवाई हो सके। महिला थाना प्रभारी अर्चना सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नए- नए कानून बनाए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी रखना जरूरी हैं। कोई छींटाकशी का प्रयास करता है तो ऐसे में विरोध करना सीखे, उनसे डरे नहीं। परिजनों की मदद से तुरंत पुलिस को भी जानकारी दे। वुमेन पावर लाइन नंबर 1090 महिलाओं की सुरक्षा के लिए ही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को जागरूक करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी शिक्षिकाओं की होती हैं। उनको इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए।
सेमिनार में स्कूल की कैप्टन मेघना सूरी, हेड गर्ल कशिश अलनी, तृप्ति श्रीवास्तव, नेहा तिवारी, शिक्षिका कामिनी मिश्रा, नीधि शर्मा, नेहा चौरसिया, अर्पणा वर्मा व नारी सुरक्षा दल की मिथलेश ने विचार रखे। आभार प्रधानाचार्य इंद्राणी ने जताया।
निडर बने छात्राएं
मेरा मानना है कि आज के माहौल में छात्राओं का निडर होना बेहद जरूरी है। कोई भी घटना हो, उसका डटकर सामना करना चाहिए। अभिभावकों को भी परेशानी वाली बात को दबाने की जगह उसकी पूरी जानकारी करनी चाहिए, ताकि दोबारा वह समस्या खड़ी न हो सके।
नेहा चौरसिया
छात्रों को शुरू से करें जागरूक
महिला सुरक्षा को लेकर छात्रों को शुरू से जागरूक करना चाहिए। मेरा मानना है कि इसके लिए अभिभावक और शिक्षक की बराबर जिम्मेदारी बनती हैं। उम्र के हिसाब से ही छात्राओं को उनके दायित्व और अधिकारों की छूट देना चाहिए।
निधि शर्मा