फोटो (विकास भवन)
--------------------
अफसर गायब, दफ्तर बंद
सब हेड: निरीक्षण में डीएम के सामने आई सरकारी तंत्र की हकीकत
- सुधार की दी चेतावनी, सफाई मांगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शुक्रवार की सुबह जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी गायब थे और कार्यालयों में ताले लटके थे। सरकारी तंत्र की इस स्थिति पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिलाधिकारी सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर अचानक विकास भवन पहुंच गए। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य अनुपस्थित थे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन का संपूर्ण दायित्व जिला कृषि अधिकारी का है। इसके बावजूद, उनका समय से कार्यालय में न आना बेहद निराशाजनक है। डीएम ने अनुपस्थिति पर जिला कृषि अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डीआरडीए परियोजना निदेशक व आरईएस के अधिशासी अभियंता भी नहीं मिले। और तो और उनके कार्यालय भी बंद थे। एक दिन का वेतन काटने की चेतावनी देते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया। डीएम ने कहा कि फसली ऋण मोचन योजना के कार्यों में लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी, बैंक अधिकारी या अन्य किसी भी स्तर की शिथिलता पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।