एरच स्थित जनरल विपिन रावत डिफेंस कॉरिडोर एवं बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में सरकार को भारी निवेश की उम्मीद है। इस नाते सरकार इनकी कनेक्टिविटी को बेहतर करने में जुटी है। सड़क मार्ग से इस औद्योगिक गलियारे को बेहतरीन कनेक्टिविटी देने के लिए इसे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे जोड़ा जाएगा। इसके लिए जालौन से एरच के बीच 115 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेस वे बनेगा। इसके बाद एरच से आगे यह बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से मिल जाएगा। लिंक एक्सप्रेस वे बन जाने से दिल्ली, लखनऊ, आगरा समेत पूर्वांचल जाने का सड़क मार्ग बेहद आसान हो जाएगा। बीडा एवं डिफेंस कॉरिडोर को भी इसका फायदा मिलेगा।
करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान
झांसी से जालौन के बीच प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस वे की लागत करीब 1300 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि अभी लागत अंतिम रूप से तय नहीं हुई है। यूपिडा अफसरों का कहना है कि शुरू में चार लेन का प्रस्ताव है। इसे आने वाले समय में छह लेन तक विकसित किया जा सकेगा। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण भी होगा। जमीन अधिग्रहण पर करीब 228 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार ने कुछ धनराशि भी स्वीकृत कर दी है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे जुड़ेगा से होगा फायदा
296 किलोमीटर लंबा बुंदेलखंड एक्सप्रेस चित्रकूट में झांसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-35 पर भरतकूप के निकट से होकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर इटावा के कुदरैल गांव के पास मिलता है। इससे चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, इटावा जुड़े लेकिन, झांसी वंचित रह गया था। लंबे समय से इसे झांसी से जोड़ने की मांग हो रही थी। झांसी में डिफेंस कॉरिडोर एवं बीडा स्थापित होने के बाद सरकार ने लिंक एक्सप्रेस वे मंजूर किया। इससे झांसी समेत मध्य प्रदेश के भी कई जनपदों का दिल्ली एवं लखनऊ के बीच परिवहन आसान होगा।
झांसी लिंक एक्सप्रेस वे के लिए प्रस्तावित गांवों का ड्रोन सर्वे आरंभ करा दिया गया है। जल्द ही यह काम पूरा करा लिया जाएगा। इसकी मदद से डिफेंस कॉरिडोर एवं बीडा को भी बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से जोड़ा जा सकेगा। - वरुण पांडेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)