विशेष स्टेशनों के तुरंत टिकट मिलने की नहीं हुई व्यवस्था
झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों पर कुछ खास अवधि में लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस कारण यात्रियों को टिकट लेने में लंबा इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों की इस परेशानी को दूर करने के लिए रेल प्रशासन ने कुछ चिह्नित स्टेशनों के टिकट छह नंबर काउंटर से उपलब्ध कराने का फैसला लिया था लेकिन यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है।
छह नंबर काउंटर पर सुबह पांच बजे से नौ बजे तक ग्वालियर, आगरा, मथुरा, निजामुद्दीन, नई दिल्ली व अपराह्न तीन बजे से शाम बजे तक उरई, कानपुर, ललितपुर, भोपाल, बीना, महोबा व बांदा के टिकट मिलने थे। इसी तरह, ग्वालियर स्टेशन के काउंटर नंबर चार पर सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक आगरा, मथुरा, झांसी, भोपाल, निजामुद्दीन, दिल्ली व अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक इंदौर, उरई, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद व वाराणसी स्टेशन के टिकट मिलेंगे।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी सात से ग्यारह नंबर के काउंटर चल रहे हैं। भीड़ अधिक नहीं है। भीड़ अधिक होने पर छह नंबर काउंटर चलाया जाता है।