टैग: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय
------------------------
फाइलें दबाएं नहीं, तुरंत करें विद्यार्थियों का काम
बैठक में कुलसचिव ने कर्मचारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव सीपी तिवारी ने बुधवार को गांधी सभागार में हुई बैठक में कर्मचारियों को हिदायत दी कि वह छात्रों की फाइलों को दबाएं नहीं। उसे तुरंत पास कर आगे बढ़ाएं। किसी भी छात्र को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक से पूर्व उन्होंने कई विभागों का निरीक्षण किया, जहां गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।
कर्मचारियों से कुलसचिव कहा कि विश्वविद्यालय में दूरदराज से छात्र-छात्राएं डिग्री, माइग्रेशन, प्रोवीजनल व अन्य जरूरी कार्यों से आते हैं ऐसे में उनके कार्यों का शीघ्र निस्तारण हो। फाइलों को अधिक समय तक न रखा जाए, यदि उनमें कोई कमी है तो टिप्पणी लिखकर संबंधित व्यक्ति के पास भेज दी जाए। लापरवाह कर्मचारियों से उन्होंने कहा कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर लें अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी समय पर आएं। फैकल्टी में कार्यरत कर्मचारियों का उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षकों के आने-जाने की रिपोर्ट दें वह इसको कुलपति को भेजेंगे।
बैठक से पूर्व कुलसचिव ने अर्थशास्त्र, फूड टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग व विज्ञान भवन समेत कई विभागों का निरीक्षण किया। जहां गंदगी देख उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और कहा कि वह पुन: निरीक्षण करेंगे यदि गंदगी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।