कलक्ट्रेट में हुई नाम निर्देशन पत्रों की जांच, अब 10 प्रत्याशी मैदान में
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभा चुनाव के लिए झांसी-ललितपुर संसदीय सीट पर दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की शनिवार को जांच हुई। इसमें शपथ पत्र अधूरे होने और प्रस्तावकों की संख्या पूरी न होने पर 11 उम्मीदवारों के नाम निर्देशन पत्र खारिज कर दिए गए। अब 10 प्रत्याशी ही मैदान में बचे हैं। इन्हें सोमवार को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत 26 अप्रैल को हुई थी। एक सप्ताह की अवधि के दरम्यान 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की शनिवार को जांच हुई। जांच में नामांकन पत्रों में कमियां पाए जाने पर भागीदारी पार्टी की रोहिणी, स्वतंत्र जनता राज पार्टी के संजय सेवनिया, बहुजन मुक्ति पार्टी के शिरोमण सिंह समेत निर्दलीय सतीश यादव, हीरालाल, प्रदीप कुमार, कमल किशोर, अविनाश पाठक, बृषभान अहिरवार, फूलचंद्र जैन और पूरन लाल का पर्चा खारिज कर दिया गया।
अब चुनाव मैदान में भारतीय जनता पार्टी के अनुराग शर्मा, इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य, बहुजन समाज पार्टी से रवि प्रकाश कुशवाहा, निर्दलीय धर्मेंद्र प्रताप, रमेश, इंद्र सिंह, लखनलाल, गनेशराम, ऑल हिंद पार्टी के दीपक कुमार वर्मा व अपना दल (कमेरावादी) के चंदन सिंह समेत 10 उम्मीदवार हैं। इन सभी प्रत्याशियों को सोमवार को सुबह ग्यारह बजे से दोपहर तीन बजे के बीच नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कलक्ट्रेट स्थित नामांकन परिसर में गहमागहमी की स्थिति बनी रही। कई प्रत्याशी और उनके समर्थक जांच के दरम्यान रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष के बाहर जमे रहे।