मतदेय स्थल के अंदर बंद रहेंगे सीसीटीवी कैमरे
झांसी। मतदान लोकतंत्र का महापर्व है, इसमें उत्साह के साथ सभी अपनी भागीदारी कर उत्सव की तरह मनाएं। पोलिंग पार्टियां क्षेत्र में किसी का भी आतिथ्य स्वीकार न करें। मतदेय स्थल पर रवाना होने से पहले सूची से मिलान अवश्य कर लें। मतदेय स्थल के अंदर सीसीटीवी कैमरा बंद रखे जाएं ताकि मतदान की सुचिता प्रभावित न हो सके। मतदान वाले दिन पीठासीन अधिकारी संवेदनशील होकर कार्यों का निर्वहन करें, ताकि समय से मतदान प्रारंभ हो सके। यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने पैरामेडिकल आडिटोरियम में लोकसभा चुनाव के प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियोें को ईवीएम तथा वीवीपैट की जानकारी देते हुए कही।
उन्होने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा जो जानकारियां दी जा रही हैं, उनको संवेदनशील होकर आत्मसात करें। वोटिंग कंपार्टमेंट ऐसे स्थान पर बनाएं, जहां से मतदान की गोपनीयता भंग न हो, साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरा है तो उसे बंद कर दें। कैमरे को काले कपड़े से ढंक दें। उन्होंने पीठासीन अधिकारी से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार वोटर पर्ची को मान्यता नहीं दी है। वोट करने के लिए आयोग ने 11 विकल्प दिए हैं, उनमें से कोई एक साथ लाना होगा, तभी मतदान कर सकेंगे। मतदान के लिए आधार कार्ड के प्रयोग पर संवेदनशील होकर जांच करें ताकि फर्जी मतदान न हो सके। पोलिंग एजेंट अपने साथ मोबाइल नहीं रखेेंगे।
मास्टर ट्रेनर डीआईओएस डॉ. एनके पांडेय ने पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय को उनके द्वारा किये जाने वाले कार्यों को बिंदुवार बताया। उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारी मतदान केंद्र का प्रभारी होगा और सभी मतदान अधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों पर नियंत्रण रखेगा। निर्वाचन संबंधित सामग्री का थैला दिया जा रहा है उसका मिलान अवश्य कर लें। यदि कोई कमी हो तो तत्काल उसे पूरा कर लें। मतदान कार्मिक अपने मताधिकार का प्रयेाग अवश्य करें, जिन्हे पोस्टल बैलेट से या ईडीसी से मतदान करना है वह आवेदन कर लें।
मास्टर ट्रेनर ईवीएम व वीवीपैट आरके मौर्या ने बताया कि वीवीपैट बेहद संवेदनशील है, उसे सीधे धूप व अधिक गर्मी से बचाया जाना जरुरी है। उन्होने बीयू - सीयू के साथ वीवीपैट को कैसे लिंक किया जाना है, जानकारी देकर समझाया। उन्होने मॉकपोल के बोर में बताया कि यह बेहद महत्वपूर्ण है, इसे पोलिंग एजेंट के समक्ष किया जाना है।
इस मौके पर सामान्य प्रेक्षक डॉ. रेनु एस फलिया, प्रभारी कार्मिक व मुख्य विकास अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, सहप्रभारी कार्मिक व पीडी डॉ. आरके गौतम, डीडीओ उग्रसेन सिंह यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत डी यादुवेंद्र मौजूद रहे।
सात कर्मचारी मिले अनुपस्थित
पैरामेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षण के दौैरान सात अनुपस्थित मिले, जिसमें दो प्रथम मतदान अधिकारी, एक मतदान अधिकारी द्वितीय, चार मतदान अधिकारी रहे।
यह रहेंगे वोट डालने के विकल्प
- चुनाव फोटो पहचान पत्र
- पासपोर्ट
- ड्राइविंग लाइसेंस
- केंद्र / राज्य सरकार द्वारा / सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों / पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र
- बैंक / पोस्ट ऑफिस द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक
- पेन कार्ड
- एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड
- मनरेगा जॉब कार्ड
- श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
- फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
- निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रमाणित फोटो मतदाता पर्ची
- आधार कार्ड