कानपुर-काचीगुड़ा ट्रेन की गर्मियों में ढाई महीने चलेगी
ललितपुर। कानपुर से भोपाल व नागपुर होते हुए काचीगुड़ा के लिए रेलवे द्वारा 11 अप्रैल से साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन ट्रेन की सुविधा शुरू की जा रही है। दोनों ओर से यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी और इस ट्रेन को ललितपुर स्टेशन पर भी ठहराव दिया गया है, जिससे कानपुर के लिए स्थानीय लोगों को राहत मिल सकेगी।
कानपुर से काचीगुड़ा सुपरफास्ट साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन ट्रेन 11 अप्रैल से 27 जून तक चलेगी। काचीगुड़ा से यह ट्रेन 12 अप्रैल से शुरू होकर 28 जून तक संचालित होगी। यह गाड़ी कानपुर सेंट्रल से शुरू होगी। 11 अप्रैल को ललितपुर रेलवेे स्टेशन पर आधी रात के बाद शुक्रवार को रात्रि 12.14 बजे पहुंचेगी, जो बीना, भोपाल, इटारसी होते हुए नागपुर के रास्ते काचीगुड़ा जाएगी। इसी प्रकार काचीगुड़ा से चलने वाली ट्रेन 12 अप्रैल दिन को शुरू होकर ललितपुर रेलवे स्टेशन पर दूसरे दिन शनिवार को रात्रि में 20.12 बजे पहुंचेगी। ललितपुर स्टेशन पर इस ट्रेन का दो मिनट का ठहराव दिया गया है। इस प्रकार कानपुर की ओर जाने वाली डाउन रूट की ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को और भोपाल, इटारसी, नागपुर होते हुए काचीगुड़ा जाने वाली अप रुट की यह ट्रेन शनिवार को ललितपुर रेलवे स्टेशन पर ठहरेगी। रेलवे द्वारा इसकी समय सारणी जारी कर दी गई है।
बुधवार और शनिवार को बदले समय पर आएगी झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन
पलवल से बीना सेक्शन में कुछ तकनीकी कार्यों के चलते रेलवे द्वारा इस रुट पर चलने वाली कुछ पैसेंजर ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया है। इसके चलते तीन अप्रैल से 20 जून के मध्य प्रत्येक बुधवार और शनिवार को अप रूट की झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन भी बदले समय पर चलेगी। इसके अंतर्गत अप रूट की 51812 झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन तीन अप्रैल से बीस जून के मध्य प्रत्येक बुधवार व शनिवार को झांसी रेलवे स्टेशन से 6.50 बजे के स्थान पर 7.45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से 9.02 की जगह एक घंटा बाद दस बजे आएगी।