मोंठ (झांसी) । गरौठा क्षेत्र के पूर्व विधायक व सपा नेता दीपनारायण सिंह यादव पर भुजौंदनिवासी मां- बेटे का अपहरण कर मारपीट करने का मुकदमा मोंठ में दर्ज किया गया है। आरोप है कि पूर्व विधायक दोनों से जबरन जमीन का बैनामा कराना चाहते थे। दूसरी तरफ सपा नेता का कहना है कि भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने साजिश के तहत यह मुकदमा लिखवाया है।
घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी देते हुए ग्राम भुजौंद निवासी श्रीमती मन्नी देवी यादव पत्नी स्व. भंवर सिंह ने बताया कि उसके एवं उनके दो पुत्र ज्ञान सिंह एवं प्रेम सिंह के नाम एक एकड़ जमीन हाईवे पर है। उसकी जमीन के बगल में सपा नेता पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह का मून इण्टरनेशनल पब्लिक स्कूल स्थित है।
पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह उसकी बेशकीमती जमीन को औने-पौने दामों में खरीदना चाहते हैं। मन्नी देवी का आरोप है कि बीते 2 फरवरी को शाम करीब 6 बजे जब वह अपने घर पर थीं, तभी पूर्व विधायक की गाड़ी उसके घर आई और गाड़ी में सवार कुछ असलहाधारी उसे एवं उसके छोटे पुत्र प्रेम सिंह यादव को जबरन उठाकर मून इण्टरनेशनल पब्लिक स्कूल ले गए।
स्कूल में सपा नेता पहले से मौजूद थे। उन्होंने मन्नी देवी एवं प्रेम सिंह पर बेशकीमती जमीन का बैनामा कराने के लिए दबाव बनाया, जब मन्नी देवी ने कहा कि इससे पहले जो जमीन उसने उनको बेची थी, उसके पूरे पैसे नहीं मिले हैं, इसलिए अब वह जमीन नहीं बेचना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर पूर्व विधायक ने उसके पुत्र प्रेम सिंह तथा उसे एक कमरे में बंद कर दिया और जबरन रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाने लगे।
प्रेम सिंह ने जब जमीन का बैनामा करने से मना किया तो पूर्व विधायक ने एक डंडे (रोल) से प्रेम सिंह की मारपीट शुरु कर दी। मन्नी देवी का कहना है कि वह पुत्र को बचाने के लिए दौड़ी तो उसके साथ भी मारपीट कर दी गई। मन्नी देवी ने कहा कि वह डर के मारे मोंठ थाने नहीं गयी और सीधे एसएसपी झाँसी के यहां पूर्व विधायक के खिलाफ मामला पंजीकृत कराने की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश के बाद मोंठ पुलिस ने पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह एवं उनके एक अन्य अज्ञात साथी के खिलाफ धारा 365, 354, 342, 323, 504 एवं 506 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया।
यह कहना है पूर्व विधायक का
दूसरी तरफ पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ भाजपा नेता एवं गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने साजिश के तहत झूठा मुकदमा लिखाया है। पूर्व विधायक का कहना है कि प्रेम सिंह यादव उनके मून इण्टरनेशनल पब्लिक स्कूल में स्टोर कीपर/चौकीदार के रुप में काम करता था। पिछले दिनों से स्टोर रुम से निर्माण सामग्री व अन्य सामान लगातार चोरी हो रहा था। चोरी का कुछ सामान प्रेम सिंह के पास से बरामद हुआ था। चोरी का मामला सही पाए जाने पर प्रेम सिंह को 2 फरवरी को स्कूल से निकाल दिया गया था और उसके खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई करने के लिए मोंठ पुलिस को एक प्रार्थना पत्र भी दिया गया था। पूर्व विधायक का कहना है कि पुलिस ने उनके प्रार्थना पत्र पर कोई ध्यान नहीं दिया। उल्टे भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत के इशारे पर प्रेम सिंह की मां मन्नी देवी की झूठी और मनगढ़त कहानी के आधार पर उनके खिलाफ झूठा मामला पंजीकृत कर लिया।