230 कालेजों ने नहीं दी भवन की जांच रिपोर्ट
सब हेड - आरईएस से जांच के आदेश दिये थे डीआईओएस ने
क्रासर - पुन: नोटिस दिया जा रहा है इन कालेजों को
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
कई इंटर कालेज विद्यार्थियों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। जनपद के 230 इंटर कालेजों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश के बाद भी अपने भवन क ी जांच रिपोर्ट नहीं दी है। ऐसे में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने पुन: इन सभी कालेजों को नोटिस देने को कहा है।
जनपद में 22 राजकीय और 48 अनुदानित सहित 248 माध्यमिक कालेज संचालित हैं। जिनमें से कई कालेजों के भवन खराब हालत में हैं। दीवारों पर सीलन है और कक्षाओं में बरसात के चलते जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। खासकर ग्रामीण इलाकों के कालेजों में बरसात के दौरान इन भवनों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को कोई नुकसान न हो। इस उद्देश्य से बीते दो माह पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी प्रधानाचार्यों-प्रबंधकों को निर्देश दिये थे कि वह जल्द से जल्द आरईएस के इंजीनियरों से कालेज भवनों की जांच करा लें और जल्द इनकी रिपोर्ट दें।
ताकि समय से भवनों की मरम्मत हो और जनहानि से बचा जा सके। लेकिन हैरत की बात है कि सिर्फ 18 कालेजों ने ही यह रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को दी है। जिन कालेजों ने रिपोर्ट नहीं दी है, उनमें निजी के अलावा राजकीय और अनुदानित कालेज भी शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिन कालेजों ने जांच रिपोर्ट नहीं दी है, उन्हें पुन: नोटिस दिया जा रहा है। अगर किसी भी प्रकार का नुकसान होता है, तो प्रधानाचार्य व प्रबंधक जिम्मेदार होंगे।