फोटो..
पेयजल की व्यवस्था हो, मुआवजा मिले
- बुंदेलखंड किसान पंचायत ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड किसान पंचायत ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई समस्या दूर करने और लंबित मुआवजे का भुगतान कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि किसान सूखा व पेयजल की समस्या की वजह से पलायन कर रहे हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मनमाने रवैये से किसान परेशान हैं। कई साल पहले निर्मित बांधों के प्रभावित किसान आज भी मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के मद में भेजा गया पैसा अधिकारियों द्वारा अन्य मदों में दिखाकर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि टहरौली तहसील के गांव बारेई में सिंचाई व पेयजल की व्यवस्था कराई जाए। पथरेई बांध से प्रभावित इमिलिया ग्राम के किसानों के परिवार को अनुकंपा राशि का वितरण किया जाए। लखेरी बांध से प्रभावित 105 किसानों को अनुकंपा राशि बांटने में अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों की जांच तीन साल से लंबित है, जो जल्द पूरी कराई जाए। डीएम ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान गौरीशंकर बिदुआ, रामजी सिंह जादौन, देवी सिंह कुशवाहा, शंकर दयाल, लखनलाल नरवरिया, अरविंद यादव मौजूद रहे।