रोहतक में उत्तराखंड से भिड़ेंगे बीयू के खिलाड़ी
- नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता में मैच आज
- पांच छात्र और तीन छात्राओं की टीम रविवार को हुई रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए छात्र-छात्राओं की बैडमिंटन टीम गठित कर दी है। टीम में पांच छात्र और तीन छात्राएं शामिल हैं। रविवार को टीम रोहतक में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में 14 नवंबर से अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। इसमें बीयू के अलावा बुंदेलखंड के 15 महाविद्यालयों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के आधार पर पांच छात्र और तीन छात्राओं का रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में होने वाली नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। टीम में छात्र वर्ग में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के संगीत उद्यान, अंकुर गांगिल, ईवीएम बांदा कॉलेज के भानु प्रताप, गुरु हरकिशन कॉलेज के आदित्य राज बेन, शिवम गुप्ता और छात्रा वर्ग में उरई के जमुना देवी महाविद्यालय की सौम्या अग्रवाल, उरई के वंशीधर कॉलेज की सिमरन गुप्ता, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की प्रियंका दास शामिल हैं। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल सिंह ने बताया कि रविवार को बीयू की आठ सदस्यीय टीम रोहतक के लिए रवाना हो गई है। सोमवार को उत्तराखंड विश्वविद्यालय और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के बीच मैच होगा। प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन के 45 विश्वविद्यालय भाग ले रहे हैं।