झांसी-दतिया रेल रूट पर कटे जानवर, सात ट्रेनें लेट
डेंजर जोन बना यह रूट, रेल संरक्षा से खिलवाड़, नहीं दिया जा रहा ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शनिवार को झांसी-दतिया स्टेशन के बीच अलग-अलग समय में सात ट्रेनों से जानवर कट गए और फिर ये गाड़ियां 20 मिनट तक लेट हो गईं। इंजन में फंसे मांस को हटाने के लिए ट्रेनों को रोकना पड़ा। इसके पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। इस कारण यह रूट डेंजर जोन बन गया है।
शनिवार को सुबह अलग- अलग समय झांसी- दतिया सेक्शन के बीच 12803 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, 12707 एपी संपर्क क्रांति, 22416 आंध्र प्रदेश एसी एक्सप्रेस, 12808 समता एक्सप्रेस, 04426 निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस और 12138 पंजाब मेल के इंजन से जानवर टकरा गए। इससे किसी ट्रेन के इंजन के नीचे का एक लोहे का पाइप टूट गया तो किसी में मांस के टुकड़े जगह- जगह फंस गए। इंजन फेल न हो जाए, इस डर से चालकों को ट्रेन रोककर मांस के टुकड़ों को हटाना पड़ा और अन्य कमियां दूर करनी पड़ी। इससे उक्त ट्रेनें 15 से 20 मिनट लेट हो गईं।
मालूम हो कि, झांसी- दतिया के बीच पटरियों पर छुट्टा जानवर घूमते हैं। पिछले एक हफ्ते के दौरान इस रूट पर बीस से अधिक छुट्टा जानवर कट चुके हैं। इससे हर समय रेल हादसे का डर बना रहता है। लगातार रेल संरक्षा से खिलवाड़ हो रहा है। इसके बाद भी संबंधित अफसर ध्यान नहीं दे रहे। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ और रेल कर्मचारी बराबर पटरियों के पास जानवर न छोड़ने के लिए गांववासियों को जागरूक करते रहते हैं। यदि पता लग जाए कि जानवरों का रखवाला कौन है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
आज निरस्त रहेगी इंटरसिटी
लखनऊ-कानपुर खंड में अजगैन स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिग कार्य के चलते पांच नवंबर को झांसी से आने-जाने वाली झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस और झांसी-लखनऊ पैसेंजर का संचालन निरस्त रहेगा। इंटरसिटी झांसी से सुबह 6.10 बजे और पैसेंजर रात 2.50 बजे रवाना होती है। मालूम हो कि, इंटरसिटी से प्रतिदिन सात सौ से अधिक लोग झांसी से सफर करते हैं।