.....................
मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन दुरुस्त, जांच शुरू
- दस दिन से बंद थी, रियायती दरों पर है सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में पिछले दस दिनों से बंद पड़ी एमआरआई मशीन अब चालू हो गई है। मरीज मेडिकल कॉलेज में रियायती दरों पर एमआरआई करा सकते हैं।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में एमआरआई का दस टन का प्लांट लगा हुआ है। चूंकि, एमआरआई करते समय मशीन काफी गर्म हो जाती है, इसलिए तापमान कम करना पड़ता है। प्लांट में कुछ खराबी आ जाने के कारण तापमान कम नहीं हो पा रहा था। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कर्मचारियों को मशीन चलाने से रोक दिया था, क्योंकि मशीन गर्म होने से ट्यूब जलने का खतरा हो गया था। यदि ट्यूब जल जाता तो आठ से दस लाख रुपये खर्च आ जाता। फिर इसको ठीक करवाने के लिए शासन से बजट मांगना पड़ता। इसलिए कुछ दिन के लिए एमआरआई मशीन बंद कर दी गई। मेडिकल कॉलेज ने एमआरआई प्लांट लगाने वाली कंपनी को सूचना दी। कंपनी के टेक्नीशियन ने समस्या सुधारने के लिए दस दिन का समय मांगा। दस दिन में कूलिंग की समस्या दूर कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीशचंद्र आर्या ने बताया कि अब एमआरआई फिर से शुरू हो गई है। मरीज आकर जांच करा सकते हैं।