nअंदर बड़ागांव गेट स्थित शंकर सिंह का बगीचा क्षेत्र के लोग पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इस क्षेत्र तक आने वाली सौ मीटर पाइप लाइन मोड़ पर पड़ती है, जिससे पानी की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। यह समस्या पिछले तीन साल से बनी हुई है। वार्ड नंबर 20 में अंदर बड़ागांव गेट स्थित शंकर सिंह का बगीचा क्षेत्र आता है। इस क्षेत्र में करीब 400 परिवार रहते हैं। तीन साल पहले तक इस क्षेत्र को पाइप लाइन के जरिये पर्याप्त पानी मिलता था, लेकिन इसके बाद यहां नई पाइप लाइन डाल दी गई। पाइप लाइन पहले सीधी थी, लेकिन नई पाइप लाइन में इसको मोड़ दे दिया गया। इससे पानी आने की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। गर्मियों में तो पानी आना ही बंद हो जाता है। इससे क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हो रहे हैं। मैं कई बार जलसंस्थान और तीन बार जिलाधिकारी को मामले की शिकायत कर चुका हूं, लेकिन समस्या का हल नहीं निकला। अमन राय, पार्षद। सौ मीटर पाइप लाइन अगर सीधी हो जाए तो समस्या दूर हो जाएगी। गली में लगा एक हैंडपंप ही पानी दे रहा है, जिससे काम चला रहे हैं। रामसिंह। हैंडपंप में मीठा पानी नहीं आता है। मीठा पानी भरने के लिए एक किलोमीटर दूर नारायण बाग तिराहे तक जाना पड़ता है। अमित तिवारी। तीन साल पहले तक पाइप लाइन से अच्छा पानी मिलता था, लेकिन जब से नई पाइप लाइन डली है। तब से पानी की समस्या बढ़ गई। कृष्णा देवी।