अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/मऊरानीपुर। रानीपुर मुख्य नहर में रविवार की दोपहर नहाने के दौरान बमहौरी गांव निवासी 10 साल का बालक डूब गया। आनन-फानन में नहर बंद कराकर लोगों ने तलाशने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई। देर-शाम तक तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं लगा। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया है। सोमवार को उसकी तलाश की जाएगी। उधर, बालक के डूबने से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना लहचूरा के बम्हौरी गांव निवासी भूपेंद्र कुशवाहा का पुत्र रचित (10) अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर में गया था। करीब तीन बजे वह अपने दोस्तों के साथ नहा रहा था। इस दौरान वह नहर में डूबने लगा। यह देख उसके दोस्त घबरा उठे और शोर मचाते हुए वह लोग भागकर घर पहुंचे। परिजनों को अपने साथ लेकर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत एसडीओ सौरभ श्रीवास्तव को फोन करके नहर से पानी बंद कराया। थोड़ी देर में थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा भी पहुंच गए। पुलिस ने भी उसकी तलाश शुरू की। देर-शाम तक उसकी तलाश होती रही लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। गांव के लोग भी जमा हो गए। अंधेरा होने पर बचाव कार्य रोकना पड़ा। सीओ लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए यहां एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है।