झांसी। कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर से तेजी पकड़नी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को इस महीने के सर्वाधिक 10 मामले सामने आए हैं। इनमें अस्थाई जेल का बंदी भी शामिल है। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 10516 हो गया है। साथ ही एक्टिव केस भी बढ़कर 39 हो गए हैं।
जिले में 2737 सैंपलों की जांच की गई। जांच में नैनागढ़, केकेपुरी, गोंदू कंपाउंड, तलैया मुहल्ला, आईटीआई क्षेत्र का एक-एक व्यक्ति, बीएचईएल क्षेत्र निवासी 50 साल की महिला व 27 वर्षीय युवक, गल्ला मंडी मार्ग की 58 वर्षीय महिला के अलावा बिथैरा छतरपुर के 35 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण पाया गया। एक दिन में इतने मामले डेढ़ महीने बाद सामने आए हैं। बीते 29 जनवरी को कोरोना के 12 केस मिले थे।
केस बढ़ने के साथ ही रिकवरी रेट में भी कमी आई है। अब झांसी में कोरोना से ठीक होने की दर 97.97 प्रतिशत है। जबकि, मृत्यु दर 1.6 है।