जिले के दस गांवों में पानी की व्यवस्था मुहैया कराने के लिए योजना तैयार हो गई है। अब शासन की स्वीकृति का इंतजार है। बुंदेलखंड विकास निधि एवं त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत दस गांवों को पेयजल योजना से चयनित इन गांवों में ट्यूबवेल, पाइप लाइन और पांच किलोलीटर की टंकी बनाने का काम होगा। टंकी से गांव वाले पानी भर सकेंगे।
विधायकों के प्रस्ताव पर जनपद के दस गांवों का चयन बुंदेलखंड विकास निधि एवं त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत किया गया है। यह ग्राम पेयजल योजनाएं मऊरानीपुर क्षेत्र के गांव बसरिया, बड़ागांव, बीरा, बंगरा क्षेत्र के स्यावनी बुजुर्ग, बौड़ा (ढ़ोडा), बामौर क्षेत्र के प्रतापपुरा, अड़जरा, गोकुल और गुरसराय क्षेत्र के मातवाना, कटरा और नई बस्ती मुहल्ले में स्थापित होगी। इन योजनाओं के लए 572.16 लाख का एस्टीमेट तैयार किया गया है। योजना के तहत संबंधित गांव में ट्यूबवेल लगाने के बाद पाइप लाइन डालकर एक पांच किलोलीटर (पांच हजार लीटर) की टंकी बनाई जाएगी। इस टंकी से गांव के लोग पानी भर सकेंगे। जल निगम के अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
ये भी जानिए
नवंबर 2017 में प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने बुंदेलखंड की पेयजल योजनाएं छह महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ऐसा मुश्किल लगता है। दरअसल सात में दो का दो साल से बजट का इंतजार और तीन पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अभी इनका परीक्षण ही हो रहा है। बाकी दो इसी साल मार्च में स्वीकृत हुई हैं, लेकिन काम 15 फीसदी ही पूरा हो सका है। जनपद में पेयजल के लिए सात योजनाएं दी गईं। इसमें नदौरा ग्राम, किल्चवारा खुर्द, खलीलपुरा ग्राम, चिरगांव देहात ग्राम, रनगुवां ग्राम समूह, खड़ौरा ग्राम और मड़ौरा खुर्द ग्राम पेयजल योजना है।
लटकी योजनाएं
---------------
- 14 करोड़ की चिरगांव देहात पेयजल योजना 2014 में स्वीकृत। मार्च 2015 में 1.3 करोड़ ही मिले। 30 प्रतिशत काम पूरा। योजना के तहत नलकूप, पंप हाउस, राइजिंग मेन लाइन, वितरण पाइप लाइन, ओवर हैड टैंक, सीडब्लूआर बनना है।
- 65 करोड़ की रनगुवां ग्राम समूह पेयजल योजना 2014 में स्वीकृत। मार्च 2015 में 6.5 करोड़ मिले। 28 प्रतिशत काम पूरा। योजना के तहत नलकूप, पंप हाउस, राइजिंग मेन लाइन, वितरण पाइप लाइन, ओवर हैड टैंक, सीडब्लूआर बनना है।
- 2.78 करोड़ की खड़ौरा ग्राम पेयजल योजना मार्च 2017 में स्वीकृत। अप्रैल 2017 में 1.1 करोड़ मिले। 15 प्रतिशत काम पूरा। योजना के तहत नलकूप, पंप हाउस, राइजिंग मेन लाइन, वितरण पाइप लाइन, ओवर हैड टैंक, सीडब्लूआर बनना है।
- 2.43 करोड़ की मड़ौरा खुर्द ग्राम पेयजल योजना मार्च 2017 में स्वीकृत। अप्रैल 2017 में 97 लाख मिले। 15 प्रतिशत काम पूरा। योजना के तहत नलकूप, पंप हाउस, राइजिंग मेन लाइन, वितरण पाइप लाइन, ओवर हैड टैंक और स्वच्छ जलाशय बनना है।