झांसी। मेडिकल कालेज से बस स्टैंड जाने के लिए आपे में सवार हुआ गुरुकुल दतिया का छात्र गायब हो गया है। 10 दिन से तलाश में जुटे परिजनों ने रविवार को दतिया व नवाबाद थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी है। मामले की गंभीरता को देख पुलिस ने कुछ लोगों को थाने पर बुलाकर पूछताछ की है।
टीकमगढ़ निवाड़ी निवासी जमुना का पुत्र शिवम् दतिया के गुरुकुल में 11वीं का छात्र है। 29 जुलाई को वह घर जाने के लिए दतिया से चला। दिन छुपने की वजह से अपनी मौसी मनकू पुत्र दयाराम के दिगारा स्थित घर चला गया। 30 जुलाई की सुबह मेडिकल कालेज में भर्ती धर्मेंद्र निवासी पारीछा कालोनी बड़ागांव के परिजनों को खाना देने चला गया। धर्मेंद्र के भाई देवेंद्र ने शिवम् को निवाड़ी की बस पकड़ने के लिए आपे से बस स्टैंड के लिए बैठाया मगर वह घर नहीं पहुंचा। शाम को जब शिवम् घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी।
पता न चलने पर परिजनों ने रविवार को थाना नवाबाद पुलिस से संपर्क करके मामले की जानकारी दी। परिजनों की आशंका के चलते पुलिस ने कुछ परिचितों को थाने पर बुलाकर पूछताछ की।