झांसी। चौधरी चरण सिंह बांध, लखेरी बांध के पुनर्वास को पूरा करने के लिए सिंचाई विभाग ने शासन से करीब दस करोड़ रुपये की और मांग की है। इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया। शासन से मंजूरी मिलने पर बुढ़ाई समेत आसपास के लोगों का पुनर्वास किया जा सकेगा।
झांसी के सिंचित रकबे को बढ़ाने के लिए इस बांध का 1982 में संसद से प्रस्ताव पारित हुआ। मऊरानीपुर तहसील के लखेरी गांव में वर्ष 2002 में 87 करोड़ रुपये से काम आरंभ हुआ। वर्ष 2008 में नहर एवं डैम बन गए लेकिन, विस्थापन का कार्य विवादित हो जाने से मामला लटक गया। इसके बाद पुनर्वास के मामले निपटाए गए लेकिन, बुढाई जैसे गांव में यह मामला पूरी तरह अब तक निपट नहीं सका है। बांध को पहली बार 182.05 मीटर तक भरा गया लेकिन, इस गांव के लोगों ने अपनी जगह खाली नहीं किया। इस वजह से बांध पूरा नहीं भरा जा सका। इस गांव में चल रहे पुनर्वास विवाद निपटाने के लिए सिंचाई विभाग, पंचम शाखा की ओर से दस करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बताया जा रहा है यहां अभी करीब 150 किसानों के पुनर्वास दावे नहीं निपटाए जा सके हैं। अधिकारियों का कहना है शासन से रकम स्वीकृत होने पर लंबित मामले निपटाए जाएंगे।