झांसी। पेयजल महायोजना की शुरूआत में माताटीला बांध से दस करोड़ लीटर (100 एमएलडी) पानी लिया जाएगा। जलनिगम माताटीला बांध से 195 एमएलडी (19.50 करोड़ लीटर) पानी की क्षमता वाली पाइप लाइन डाल रहा है, ताकि भविष्य (2030 तक) में पाइप लाइन को पूरी क्षमता से चलाया जा सके। सिंचाई विभाग और जलनिगम के बीच पानी को लेकर सहमति बन गई है।
महानगर की आबादी 5.90 लाख है। अभी यहां पर 45,992 पानी के कनेक्शन हैं। कई इलाके ऐसे हैं, जहां पर नलों से पानी की आपूर्ति नहीं होती है। पाइप लाइन डल जाने के बाद कनेक्शन की संख्या दोगुनी तक हो जाएगी। पेयजल महायोजना जून 2022 में पूरी करने का लक्ष्य है। योजना के अंतर्गत महानगर के विभिन्न इलाकों में नलों के कनेक्शन दिए जाने हैं। योजना 2030 तक के लिए बनाई गई है। क्योंकि तब तक पानी का उपयोग करने वालों का संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी। इस कारण धीरे- धीरे पानी की मांग बढ़ेगी। महानगर का विस्तार भी होगा। इससे नए क्षेत्र विकसित होंगे। अभी 70.45 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। लेकिन, आने वाले समय में खपत बढ़कर 195 एमएलडी हो जाएगी।
अधिशासी अभियंता हिमांशु नेगी ने बताया कि योजना आगामी तीस सालों के लिए है। जैसे - जैसे जरूरत होगी, पानी की खपत बढ़ती जाएगी।