- झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव की तस्वीर हुई तय
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभा चुनाव में झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र से किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों को सोमवार को नाम वापसी का मौका दिया गया। लेकिन, 10 में किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया। इसके बाद प्रत्याशियों को प्रतीक चिह्न आवंटित किए गए।
लोकसभा चुनाव में 21 उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए थे। लेकिन, शनिवार को हुई जांच में विभिन्न कमियों के चलते 11 प्रत्याशियों के पर्चे खारिज कर दिए गए थे। सोमवार को बाकी बचे 10 प्रत्याशियों को नामांकन वापस लेने का मौका दिया गया था, लेकिन सभी मैदान में जमे रहे। इसके बाद सभी को प्रतीक चिह्न आवंटित किए गए।
भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा को कमल का फूल, कांग्रेस के प्रदीप जैन आदित्य को हाथ का पंजा, बसपा के रवि प्रकाश को हाथी, अपना दल (कमेरावादी) के चंदन सिंह को लिफाफा, ऑल हिंद पार्टी के डाॅ. दीपक कुमार वर्मा को हरी मिर्च, निर्दलीय इंद्र सिंह को गन्ना किसान, गनेशराम को गैस सिलिंडर, धर्मेंद्र प्रताप को बांसुरी, रमेश को टीलर और लखनलाल को ऑटो रिक्शा चुनाव चिह्न दिया गया। इसके साथ ही लोकसभा के रण की तस्वीर एकदम साफ हो गई है।
बता दें कि झांसी-ललितपुर संसदीय सीट पर लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई (सोमवार) को मतदान होगा। जबकि मतगणना चार जून (मंगलवार) को होगी।
000000000
मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी व कर्मचारी
झांसी। लोकसभा चुनाव की निर्वाचन ड्यूटी के दौरान कोई भी अधिकारी व कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की ओर से जारी किए गए हैं। साथ ही उन्होंने असंतोष जताते हुए कहा कि अक्सर निर्वाचन संबंधी बैठकों में बगैर पूर्वानुमति विभागीय अधिकारी अनुपस्थित रहते हैं या खुद के स्थान पर दूसरे को भेज देते हैं, जिससे गंभीर विषयों पर चर्चा नहीं हो पाती है। उन्होंने अफसरों को ताकीद देते हुए कहा कि इस स्थिति को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। ब्यूरो
000000000
तीन बार होगा प्रत्याशियों का लेखा मिलान
झांसी। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों का लेखा मिलान तीन बार किया जाना है। इसकी तिथियां तय कर दीं गईं हैं। पहला लेखा मिलान नौ मई, दूसरा 13 मई और तीसरी बार 18 मई को किया जाएगा। लेखा मिलान कलक्ट्रेट में सुबह 10 से शाम चार बजे के बीच होगा। ब्यूरो