- कृषि निदेशक ने दिए निर्देश, 10 मई से सर्वे होगा शुरू
- जिले में 11791 हेक्टेअर फसल का किया जाएगा सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रदेश में पहली बार जायद की फसल का सर्वेक्षण एग्री डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण एप से होगा। जिले में 10 मई से 11791 हेक्टेअर फसल का सर्वेक्षण किया जाएगा। दावा है कि 31 मई तक सर्वेक्षण पूरा करा लिया जाएगा।
प्राकृतिक आपदा के बाद किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने के समय-समय पर आरोप लगते रहते हैं। इसलिए प्रदेश सरकार ने रबी और खरीफ की फसल का एप से सर्वेक्षण कराया था। इससे प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसल का किसानों को समय पर उचित मुआवजा मिला। जायद में दलहन, मूंगफली, मक्का, सूरजमुखी की पैदावार होती है। आंधी-तूफान, बेमौसम बारिश से फसल खराब होने की आशंका रहती है। इसको लेकर जायद की फसलों का सर्वेक्षण भी ऑनलाइन ई-खसरा पड़ताल के माध्यम से 31 मई तक कराया जाएगा। इस दौरान उन्हीं गाटा का सर्वे किया जाएगा, जिसमें फसल लगाई गई है। इसे लेकर कृषि निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार तोमर ने जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उप निदेशक कृषि एमपी सिंह का कहना है कि 10 मई से सर्वेक्षण शुरू करा दिया जाएगा।