फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 19 घंटे बाद हुआ बालक का अंतिम संस्कार, मेडिकल स्टोर संचालक ने लगाया था इंजेक्शन; जांच टीम गठित

Sat, 11 Oct 2025 01:12 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर।

सार

जाैनपुर में बीते गुरुवार की शाम छह बजे मेडिकल स्टोर संचालक डाॅ. देवी प्रसाद के इंजेक्शन लगाने के बाद आठ साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी। शाम सात बजे उसकी माैत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया था।
विज्ञापन
मासूम की माैत के बाद हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत करते धनंजय सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेजीबाजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर बाजार निवासी आठ साल के बच्चे युग का 19 घंटे बाद शुक्रवार को दोपहर दो बजे खुंशापुर सई नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दाैरान घाट पर जीबाजार, बक्शा, बदलापुर, महराजगंज और सिकरारा थाने के प्रभारियों के अलावा पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे।

विज्ञापन


डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने मेडिकल स्टोर की जांच के लिए टीम गठित की है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया है कि एसडीएम व सीओ के समन्वय बनाकर मामले की जांच करें। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी और ड्रग इस्पेक्टर को घटना की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

मेडिकल स्टोर की वैधता, डाक्टर व संचालक के पास चिकित्सीय योग्यता अथवा लाइसेंस की स्थिति की जांच कराने को कहा है। थानाध्यक्ष तेजीबाजार सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात में ही पोस्टमार्टम के बाद युग का शव घर पहुंच गया था। परिवार वालों ने युग का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था।

विज्ञापन

परिजनों में मचा कोहराम

शुक्रवार की सुबह दस बजे मल्हनी के सपा विधायक लकी यादव और पुलिसकर्मियों ने युग के घर जाकर परिजनों से बात की। करीब दो घंटे की पंचायत और पुलिस की ओर से आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद दोपहर बारह बजे परिजन शव की अंत्येष्टि के लिए तैयार हुए। लगभग दो घंटे बाद बच्चे का अंतिम संस्कार हुआ।

मामले में पुलिस ने गुरुवार की देर रात ही फोन पर इंजेक्शन, दवा बताने वाले डॉक्टर और सुई लगाने वाले मेडिकल स्टोर संचालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। हैदरपुर निवासी शिव पूजन ने तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे युग (9) की पेट में दर्द हुआ था। वह दवा लेने के लिए हैदरपुर में जंगीपुर निवासी डाॅ. भोला सिंह उर्फ अजय के पास गए थे। लेकिन, भोला वहां नहीं थे।

उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक डाॅ. देवी गुप्ता को फोन कर इंजेक्शन और दवा बताया। आरोप है कि डाॅ. देवी प्रसाद ने अपने मेडिकल स्टोर से युग को दो इंजेक्शन लगा दिया और दवा भी दी। इसके बाद युग की तबीयत बिगड़ गई। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। तहरीर में पिता का आरोप है कि डाॅ. भोला उर्फ अजय और डाॅ. देवी प्रसाद गुप्ता की उपेक्षा से युग की माैत हुई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल स्टोर संचालक डाॅ. देवी प्रसाद गुप्ता पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। 
विज्ञापन

बंद रही दुकान, खड़ी रही जली कार
घटना के दूसरे दिन भी आरोपी के घर के लोग नहीं लौटे। वहीं, मेडिकल स्टोर पर ताला लटकता रहा। आक्रोशित भीड़ की ओर से जलाई गई कार भी पड़ी रही। युग की माैत के बाद परिजनों ने बक्शा लोहिंदा मार्ग पर जाम कर दिया था। ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर के पीछे खड़ी कार व दो बाइक में आग लगा दी थी। आरोपी के घर में भी आग लगाने का प्रयास किया था। शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस किसी तरह स्थिति को नियंत्रित में लिया था।

डाॅक्टर का पता लगा रहा विभाग
पुलिस ने बालक की मौत के मामले में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग अभी तक मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा। इस बारे में पूछने पर सीएमओ डाॅ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि किस डाॅक्टर के कहने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने इंजेक्शन लगाया था। इसकी जांच की जा रही है। मामले में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर संचालक ने बताया है कि डाॅक्टर के कहने पर उसने बच्चे को इंजेक्शन लगाया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें