जिले के अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद्रपट्टी निवासी बाकेलाल (22)
अपनी बहन के घर मड़ियाहूं गया था। रविवार की रात वह बाइक से घर लौट रहा था। मड़ियाहूं बाईपास के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के
दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बदलापुर संवाददाता के अनुसार सतहरिया से पेप्सी लदा ट्रक शाहगंज की ओर जा रहा था। शनिवार की रात करीब 09 बजे ट्रक भलुआई
गांव के पास पहुंचा थी तभी ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर ट्रक खाई में पलट गया। चालक सुरेश चंद्र(45) निवासी जंगीगंज भदोही, और खलासी राजाराम (50) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पातल
पहुंचाया गया। मड़ियाहूं संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के चढ़ई गांव की नहर पुलिया के पास ट्रक की चपेट में आने से आसिफ अंसारी (25) निवासी गड़ही मड़ियाहूं क़स्बा घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। शाहगंज संवाददाता के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बड़ौना गांव के समीप सोमवार की दोपहर बाइक सवार दो युवक जीप की चपेट आकर घायल हो गए। घायल शिवकुमार (17) निवासी
पोरईकला खेतासराय और बंटी (18) निवासी एडगला को राजकीय चिकित्सालय से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर बदलापुर थाना क्षेत्र के कलिजरा के पास सफारी की चपेट में आने से साइकल सवार छात्रा घायल हो गई।
बक्शा थाना क्षेत्र के औंका गांव निवासी पूजा यादव (22) राजा हरपाल सिंह पीजी कालेज में बीएससी की छात्रा है। वह साइकल से कालेज से घर लौट रही थी कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।