खेतासराय। कस्बे के डोभी मोहल्ला में रविवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने एक युवक पर लाठी, डंडे और सरिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
डोभी मोहल्ला निवासी नूर मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे सुल्तान खान (25) पर चार लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला कर दिया। हमले में लाठी, डंडे और सरिया का प्रयोग किया गया, जिससे सुल्तान को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल को पीएचसी सोंधी ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर डोभी मोहल्ला निवासी इस्तेयाक और फैसल को रेलवे क्रॉसिंग डोभी के पास से सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।