भेड़ चराने वाले का सिर फोड़ने के आरोप में पिता को हिरासत में लेने पर एक युवती ने मंगलवार को जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी में हंगामा किया। वह पुलिस चौकी में बैठाए गए अपने पिता को लेकर घर चली गई और पुलिस देखती रह गई। उसने चौकी के एक सिपाही का मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया। महिला कांस्टेबल न होने के कारण पुलिस उसका कुछ न कर सकी।
बांसबारी निवासी उमेश सिंह के पुत्र आकाश ने एक दिन पहले खेत में भेड़ जाने के विवाद में चरवाहों की पिटाई कर दी थी। इससे बिहार के रोहतास जिले के चेनारी निवासी ज्वाला पाल का सिर फट गया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस उमेश सिंह को पकड़ा लिया। उसको हिरासत में चौकी में बैठाया गया था।
सूचना मिलने पर उनकी बेटी अपने भाई के साथ पुलिस चौकी पहुंची और सिपाहियों से भिड़ गई। एक सिपाही ने हाथापाई करने की कोशिश की तो उसने उसका मोबाइल छीनकर पटक दिया। चौकी में हंगामा होते देख भीड़ जुट गई। युवती के हंगामे के चलते पुलिस बेबस थी और महिला पुलिस थी नहीं कि कुछ करती।
वह पूरी दबंगई के साथ पिता को लेकर घर चली गई। चौकी प्रभारी त्रिवेणी सिंह का कहना है कि मारपीट में चरवाहे का सिर फूटा है। बांसबारी निवासी आरोपी उमेश सिंह सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।