जौनपुर। महराजगंज थाने में शिकायत लेकर पहुंचे अधिवक्ता के साथ बदसलूकी का आरोप लगाते हुए दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सोमवार को दोपहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर 1:30 बजे के बाद न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ता संघ की साधारण सभा की बैठक में तय किया गया कि इस मामले में एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलेगा। एक सप्ताह के भीतर थानाध्यक्ष और महिला कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ग्राम न्यायालय के विरोध में अधिवक्ता प्रत्येक शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत का प्रस्ताव पारित किया गया।
अधिवक्ता राहुल द्विवेदी ने संघ के पदाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया कि उनके चाचा को कुछ लोग शराब पिलाकर जमीन अपने नाम कराना चाहते हैं। चाची के कहने पर वह प्रार्थना पत्र देने थाने पर गए थे। जहां महिला पुलिसकर्मी फोन चैटिंग कर रही थी। अधिवक्ता ने कहा कि पत्नी को प्रसव होना है थोड़ा जल्दी कर दें। उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की तो वह सीधे थानाध्यक्ष के पास चले गए। महिला कांस्टेबल थानेदार के पास पहुंची आरोप लगाया कि अधिवक्ता ने अभद्रता की। थानाध्यक्ष ने अधिवक्ता को गाली गलौज देते हुए लॉकअप में बंद कर दिया। बाद में माफीनामा व सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाया छोड़ दिया। महिला पुलिस कर्मी से केस दर्ज कराने की भी धमकी दी।