मुंगराबादशाहपुर। कस्बे के एक इंटर कालेज के पास से गुरुवार को दोपहर एक बजे पल्सर बाइक सवार मनबढ़ों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने युवक को रात में करीब नौ बजे बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के सराय रुस्तम निवासी सचिन मौर्या (18) पुत्र शैलेन्द्र मौर्या प्रतापगढ़ रोड स्थित आदर्श बाल विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कालेज में इंटर का छात्र है। गुरुवार को दोपहर में चार पल्सर पर सवार छह बदमाश स्कूल के गेट पर पहुंचे। एक युवक सचिन को स्कूल से बातचीत करते हुए बाहर लेकर आया । सड़क पर पहले से ही खड़े बदमाशों ने उसे पल्सर पर बैठा लिया और प्रतापगढ़ की तरफ फरार हो गए। आसपास के लोगो ने देखा लेकिन सोचा कि सचिन अपने दोस्तों के साथ कही जा रहा है। शाम को सचिन घर नही पहुंचा तो खोजबीन होने लगी। खोजबीन में जुटे परिजनों को पता चला कि सचिन को पल्सर सवार जब बैठाकर ले जा रहे थे तो उनके साथ गौरैयाडीह गांव निवासी सुधीर मौर्य भी था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस सुधीर के पिता कन्हैया को हिरासत में ले लिया। यह बात सुधीर को फोन पर पता चली तो पकड़े जाने के भय से अपहर्ताओं ने सचिन को मारपीट कर प्रयागराज के झूंसी में छोड़ दिया। सचिन ने कहीं से फोनकर परिजनों से बात की तो उसके बताए पते पर पहुंचे परिजन लिवाकर घर आए। देर रात सचिन ने सारी बात थानाध्यक्ष अरविन्द यादव को बताई । पुलिस ने अपहरण में शामिल सुधीर मौर्या निवासी गौरैयाडीह व शुभम मौर्या निवासी ईठीपुर नवाबगंज प्रयागराज के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस छह अज्ञात लोगो के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद यादव का कहना है कि आपसी रंजिश में अपहरण किया गया था। फरार अरोपियों की भी तलाश की जा रही है।