तेजीबाजार । सात दिन पुरानी रंजिश में दीपावली की रात में तेजीबाजार थानाक्षेत्र के बसरा गांव में गांव के आठ लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर और गड़ासे से हमला कर रमेश यादव (45) की हत्या कर दी। वहीं, उनके भाई मुन्नू यादव (55) और भतीजे प्रदीप यादव (17) पर हमला करके घायल कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की रात नौ बजे रमेश का शव घर लाया गया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन मंगलवार को भी शव लेकर बैठे रहे।
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे पहुंचे सीओ सदर विजय चौधरी ने दो घंटे तक परिजनों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन राजी हुए और दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामघाट पर रमेश का अंतिम संस्कार किया गया। सीओ ने बताया कि मामले में आठ लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो आरोपियों रामसिंह चौहान उर्फ टेनी और शिवा चौहान को कलिंजरा बाजार से गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक ग्राम प्रधान (प्रशासक) भी है।