मीरगंज। भटहर गांव में आगामी एक अक्तूबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक विराट दंगल की तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के पदाधिकारी नए अखाड़े के निर्माण में जुट गए हैं। मंगलवार को ग्राम प्रधान पति राजकुमार सरोज की अध्यक्षता में दंगल समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन स्थल व तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस साल दंगल का आयोजन पंचायत विद्या मंदिर के सामने स्थित खेलकूद मैदान में कराया जाएगा। इसके लिए नए अखाड़े का निर्माण चल रहा है। कुआर माह की पंचमी तिथि पर एक अक्तूबर को यह मुकाबला होगा। आयोजक राजेश तिवारी ने बताया कि बीते 75 सालों से यह ऐतिहासिक दंगल आयोजित हो रहा है। इस बार दंगल में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, बिहार सहित उत्तर प्रदेश के ख्यात पहलवान जोर आजमाइश करेंगे। बैठक में श्याम मूरत मिश्र, विश्राम सरोज, राम शिरोमणि यादव, विनोद पाण्डेय, सुनील यादव, अखिलेश मौर्य और राम अक्षयबर उपस्थित रहे।