डोभी। चंदवक थानाक्षेत्र के अइलिया गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक की अत्यधिक शराब पीने से मौत हो गई।
झारखंड के रांची जनपद के थाना माडर के मोडमा गांव निवासी प्रेम (35) क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। लोगों के अनुसार उसने शराब पी रखी थी। वह किसी काम से बजरंगनगर बाजार आ रहा था। रास्ते में अइलिया गांव के पास उसने हैंडपंप से बोतल में पानी भरा। बोतल से ज्यो ही पानी पिया उसकी हालत बिगड़ गई। वह वहीं गिरकर छटपटाने लगा। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष चंदवक रमेश कुमार ने बताया कि श्रमिक बहुत शराब पीता था। अत्यधिक शराब पीने की वजह से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो पाएगी।